Home छत्तीसगढ़ दर्दनाक : सोमनी के पास हाईवे पार कर रही युवती को तेज...

दर्दनाक : सोमनी के पास हाईवे पार कर रही युवती को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा, इलाज के दौरान मौत…

43
0

० सडक़ निर्माण कंपनी की बड़ी लापरवाही पर फूटा लोगों का गुस्सा, सुरक्षा मानकों को ताक पर रखने का आरोप
० थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर हुआ हादसा; पुलिस की देरी और हाईवे पर लगे लंबे जाम से आक्रोशित हुए ग्रामीण

राजनांदगांव (दावा)। नेशनल हाईवे पर सोमनी थाना के समीप शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। जिसमें एक 25 वर्षीय युवती की जान चली गई। निकटस्थ ग्राम ठेकवा निवासी मृतका इंदू साहू अपने भाई सौरभ साहू के साथ रोज की तरह अपनी ड्यूटी के लिए सोमनी स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थी। स्वास्थ्य केंद्र के पास नेशनल हाईवे को पैदल पार करने के दौरान एक बेहद तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने युवती को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना खौफनाक था कि ट्रक का भारी पहिया युवती को रौंदते हुए गुजर गया। जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल युवती को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अंदरूनी घातक चोटें अधिक होने के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं सके और इलाज के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

अशोका बिल्डकॉन कंपनी पर गंभीर आरोप, वन-वे ने बढ़ाई दुर्घटना की आशंका
इस हृदयविदारक घटना के बाद दुर्घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। क्षेत्रवासियों ने नेशनल हाईवे पर निर्माण कार्य कर रही अशोका बिल्डकॉन कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए जमकर हो-हल्ला और विरोध प्रदर्शन किया। लोगों के मुताबिक, टोल प्लाजा से लेकर टेड़ेसरा तक सडक़ निर्माण और डामरीकरण का काम अशोका बिल्डकॉन कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते सडक़ के एक हिस्से की डामर की परत को हटा दिया गया है और दोनों तरफ के यातायात को एक ही लेन में डायवर्ट कर दिया गया है। इस वन-वे की स्थिति के बावजूद निर्माण स्थल पर कंपनी द्वारा पर्याप्त चेतावनी बोर्ड, रेडियम इंडिकेटर, बैरीकेडिंग और ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए किसी भी गाइड या सुरक्षाकर्मी की व्यवस्था नहीं की गई है। सुरक्षा मानकों की इसी सरेआम अनदेखी के चलते अंचल की एक होनहार बेटी असमय ही मौत के मुंह में समा गई।

थाने से 50 मीटर दूर घटना, पुलिस की सुस्ती पर भडक़े लोग
सडक़ पर उतरे आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमनी थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगाया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि घटनास्थल सोमनी थाने से मात्र 50 मीटर की दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद हादसे के बाद पुलिस मौके पर काफी देर से पहुंची। दुर्घटना के बाद लोगों के आक्रोश और भीड़ के कारण हाईवे पर दोनों ओर से आवागमन पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था और गाडय़िों के पहिए थम गए थे। पुलिस के पहुंचने के बाद भी प्रारंभिक कागजी और कानूनी प्रक्रिया शुरू करने में की गई देरी को लेकर भी परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने कड़ा रोष जताया।

परिजनों ने की जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
इस दर्दनाक हादसे के बाद ठेकवा ग्राम सहित पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। मृतका के परिजनों और क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इस भीषण लापरवाही के लिए सडक़ निर्माण कंपनी के गैर-जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए। फिलहाल सोमनी पुलिस ने मामले की मर्ग जांच और विवेचना शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here