Home छत्तीसगढ़ राजनांदगांव की बेटी महक नरवासे बनीं भारत महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम की...

राजनांदगांव की बेटी महक नरवासे बनीं भारत महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम की उपकप्तान…

9
0

0 श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम में चयन
0 कोरिनभाठा की बेटी ने बढ़ाया जिले, प्रदेश और देश का मान

राजनांदगांव। जिले के कोरिनभाठा क्षेत्र की प्रतिभावान महिला क्रिकेट खिलाड़ी महक नरवासे ने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। महक का चयन श्रीलंका दौरे के लिए भारत महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम की उपकप्तान (वाइस कैप्टन) के रूप में हुआ है। यह श्रृंखला भारत में आयोजित की जाएगी, जहां भारतीय टीम श्रीलंका की अंडर-19 महिला टीम के साथ मुकाबले खेलेगी। महक की इस उपलब्धि से राजनांदगांव सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी और गर्व का माहौल है।

0 आठ वर्षों की मेहनत और संघर्ष का मिला प्रतिफल
महक नरवासे पिछले लगभग आठ वर्षों से क्रिकेट कोच मनोज तिवारी के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के बल पर उन्होंने जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन का ही परिणाम है कि आज उन्हें भारतीय टीम की उपकप्तानी जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

0 विपरीत परिस्थितियों में भी नहीं मानी हार
महक का क्रिकेट सफर चुनौतियों से भरा रहा है। शुरुआती दौर में महिला खिलाड़ियों की संख्या कम होने के कारण उन्हें पुरुष खिलाड़ियों के साथ अभ्यास करना पड़ता था। उन्होंने लड़कों के साथ नेट प्रैक्टिस और प्रतिस्पर्धी मुकाबले खेलकर अपने खेल को और अधिक मजबूत बनाया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर बढ़ती रहीं।

0 सबेरा कप और शाला स्तरीय प्रतियोगिताओं से शुरू हुआ सफर
महक ने जिला स्तरीय प्रतिष्ठित सबेरा कप क्रिकेट प्रतियोगिता सहित विभिन्न स्थानीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शाला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने पुरुष टीम के साथ खेलते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उनके शानदार प्रदर्शन ने प्रारंभ से ही चयनकर्ताओं और प्रशिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया।
0 अंडर-19 इंडिया कैंप से भारतीय टीम तक
महक नरवासे का चयन पूर्व में बीसीसीआई अंडर-19 इंडिया कैंप के लिए भी हो चुका है। वहां उन्होंने अपने प्रदर्शन से क्रिकेट विशेषज्ञों को प्रभावित किया। लगातार बेहतर खेल और नेतृत्व क्षमता के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई और अब भारतीय अंडर-19 महिला टीम की उपकप्तान बनने का गौरव प्राप्त किया है।
0 मां से मिली प्रेरणा, परिवार बना संबल
महक की माता शिक्षिका हैं और उन्होंने हमेशा बेटी को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। परिवार का सहयोग, सकारात्मक वातावरण और विश्वास महक की सफलता की मजबूत नींव बना। परिवार ने हर परिस्थिति में उनका उत्साहवर्धन किया, जिसका परिणाम आज पूरे देश के सामने है।
0 जिला क्रिकेट एसोसिएशन का मिला हरसंभव सहयोग
महक की सफलता में जिला क्रिकेट एसोसिएशन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। एसोसिएशन द्वारा उन्हें प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। समय-समय पर मिले प्रोत्साहन ने उनकी प्रतिभा को निखारने में अहम योगदान दिया।

0 जिले की बेटियों के लिए बनी प्रेरणा
महक नरवासे की उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं बल्कि पूरे राजनांदगांव और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि यदि प्रतिभा को सही मार्गदर्शन, परिवार का सहयोग और निरंतर मेहनत का साथ मिले तो छोटे शहरों की बेटियां भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकती हैं।
“महक शुरू से ही मेहनती, अनुशासित और समर्पित खिलाड़ी रही हैं। उन्होंने हर चुनौती को अवसर में बदलकर अपने खेल को निखारा है। भारतीय टीम की उपकप्तान बनना उनकी वर्षों की तपस्या और मेहनत का परिणाम है। हमें विश्वास है कि वह आने वाले समय में भारतीय महिला क्रिकेट की बड़ी पहचान बनेंगी।”छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष एवं शहर के लाडले विधायक डॉ रमन सिंह एवं पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने भी त्वरित बधाई प्रेषित कर इसे राजनांदगांव के लिए गौरवशाली अध्याय बताया।

0 जिला क्रिकेट एसोसिएशन ने जताया गर्व
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कोठारी , सचिव योगेश बागड़ी सहित पुरे एसोसिएशन ने महक नरवासे को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि महक ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उनकी सफलता जिले की युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने दी।
फोटो कैप्शन :
भारत महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम की उपकप्तान चुनी गईं राजनांदगांव के कोरिनभाठा की प्रतिभावान क्रिकेट खिलाड़ी महक नरवासे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here