Home छत्तीसगढ़ शिवनाथ नदी में मगरमच्छ दिखने से दहशत, नगर पंचायत ने जारी की...

शिवनाथ नदी में मगरमच्छ दिखने से दहशत, नगर पंचायत ने जारी की अलर्ट-चेतावनी

57
0

बिहरीखुर्द क्षेत्र में देखा गया मगरमच्छ, एनीकट और कान्हे घाट जाने वालों को सावधानी बरतने की अपील, वन विभाग को लिखा पत्र

अंबागढ़ चौकी (दावा)। नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी क्षेत्र से गुजरने वाली शिवनाथ नदी में मगरमच्छ देखे जाने की खबर से तटीय इलाकों और नगर में दहशत का माहौल है। मगरमच्छ की मौजूदगी की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन तुरंत सतर्क हो गया है। नगर पंचायत द्वारा जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग को त्वरित कार्रवाई और रेस्क्यू के लिए पत्र जारी किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को शिवनाथ नदी के एनीकट के ऊपरी हिस्से में स्थित बिहरीखुर्द क्षेत्र में ग्रामीणों द्वारा मगरमच्छ देखे जाने की मौखिक सूचना मिली। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन ने तत्काल कदम उठाए और वन विभाग के आला अधिकारियों को वस्तुस्थिति से अवगत कराया।

दैनिक कार्यों के लिए नदी पहुंचने वालों पर मंडराया खतरा
नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ने वन विभाग को जारी अपने पत्र में उल्लेख किया है कि शिवनाथ नदी के आसपास स्थित एनीकट, कान्हे घाट एवं बिहरीखुर्द क्षेत्र में रोजाना बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक नहाने, कपड़े धोने व अन्य दैनिक कार्यों के साथ-साथ आवागमन के लिए पहुंचते हैं। ऐसी स्थिति में नदी में खूंखार मगरमच्छ की मौजूदगी जनसुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा साबित हो सकती है। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से तटीय क्षेत्र के नागरिकों और ग्रामीणों से अपील की है कि वे नदी किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं, गहरे पानी से दूर रहें तथा विशेष सावधानी बरतें। इसके साथ ही वन विभाग से कहा गया है कि वह तत्काल चिन्हित क्षेत्रों का निरीक्षण करे और नदी के घाटों पर आवश्यक सुरक्षा व चौबीसों घंटे निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करे।

मुनादी कराकर लोगों को किया जा रहा जागरूक, अफवाहों से बचने की सलाह
नगर पंचायत प्रशासन ने इस पूरे मामले की आधिकारिक जानकारी कलेक्टर, वन मंडलाधिकारी (डीएफओ), अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम), तहसीलदार एवं स्थानीय थाना प्रभारी सहित सभी संबंधित विभागों को प्रेषित कर दी है। नागरिकों की सुरक्षा के लिए नगर पंचायत द्वारा नदी तट से लगे वार्डों और ग्रामीण इलाकों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर) के माध्यम से मुनादी कराकर लगातार सतर्क रहने की सूचना प्रसारित की जा रही है। अधिकारियों ने स्थानीय जनता से अपील की है कि मगरमच्छ को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दें और नदी के आसपास किसी भी वन्यजीव की हलचल या गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत इसकी सूचना नगर पंचायत या वन विभाग के अमले को दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here