राजनांदगांव/घुमका (दावा)। सोशल मीडिया के माध्यम से युवती की निजता भंग करने और यौन उत्पीडऩ (साइबर स्टॉकिंग) करने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर आरोपी को घुमका पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती की अश्लील व निजी तस्वीरें और वीडियो फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर लगातार वायरल कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन से उस वक्त दबोचा जब वह भागने की फिराक में था। गुरुवार 18 जून को आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का नाम मारपल्ली राकेश (27 वर्ष) पिता मारपल्ली श्रीनिवास है, जो अलीपुर ( जिला संगारेड्डी, तेलंगाना) का रहने वाला है।
फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर वायरल कर रहा था निजी वीडियो
घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए घुमका थाना प्रभारी विजय मिश्रा ने बताया कि पीड़ित युवती ने थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में पीडि़ता ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके नाम का दुरुपयोग करते हुए फेसबुक पर एक फर्जी प्रोफाइल (आईडी) बनाई गई है। इस फर्जी आईडी के जरिए आरोपी पीड़िता की अत्यंत निजी व अश्लील तस्वीरें, वीडियो और मोबाइल नंबर को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से वायरल कर रहा था। इस हरकत से आरोपी न केवल पीड़िता को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था, बल्कि उसकी सामाजिक निजता को भी पूरी तरह भंग कर रहा था। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल आईटी एक्ट और संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया।
मोबाइल लोकेशन के आधार पर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी
चूंकि मामला महिला संबंधी और अत्यंत संवेदनशील था, इसलिए इसकी सूचना तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं एसडीओपी डोंगरगांव श्रीमती मंजूलता बाज के कड़े निर्देशन में घुमका पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी सेल की मदद से पुलिस लगातार आरोपी के मोबाइल नंबर का लोकेशन ट्रेस कर रही थी। इसी दौरान आरोपी का लाइव लोकेशन राजनांदगांव रेलवे स्टेशन के पास मिला। बिना वक्त गंवाए पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी की और हुलिए के आधार पर आरोपी मारपल्ली राकेश को धर दबोचा।
आरोपी ने कबूला जुर्म, भेजा गया जेल
पुलिस हिरासत में कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर पीड़िता की तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की बात स्वीकार कर ली। जुर्म कबूलने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की तकनीकी जांच और साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।



