Home छत्तीसगढ़ मनगटा के विसली वुड्स रिसॉर्ट में मिली भिलाई की युवती की लाश…

मनगटा के विसली वुड्स रिसॉर्ट में मिली भिलाई की युवती की लाश…

57
0

साथ आए दोस्त फरार, 5 हिरासत में

राजनांदगांव/सोमनी (दावा)। सोमनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनगटा स्थित विसली वुड्स रिसॉर्ट में एक 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान भिलाई निवासी मुस्कान तिवारी के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही सोमनी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू से तफ्तीश शुरू कर दी है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक युवती की मौत बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 4 से 5 बजे के बीच होना आंकी जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजहों का खुलासा अभी नहीं हो पाया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मुस्कान तिवारी अपने कुछ दोस्तों के साथ इस रिसॉर्ट में ठहरने आई हुई थी। बताया जा रहा है कि देर रात वह बाथरूम गई थी। जहां काफी देर बाद वह संदिग्ध एवं बेहोशी की हालत में पाई गई। सुबह करीब 8 बजे रिसॉर्ट प्रबंधन को इस घटना की जानकारी दी गई। आनन-फानन में उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

रहस्यमयी कडिय़ां : सुबह होने से पहले ही गायब हो गए थे साथ आए लोग
इस पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध और रहस्यमयी बनाने वाली बात यह सामने आई है कि युवती के साथ रिसॉर्ट में ठहरे अन्य लोग सुबह होने से पहले ही वहां से चुपचाप चले गए थे। इस तथ्य ने पुलिस के कान खड़े कर दिए हैं। पुलिस का मानना है कि अगर यह सामान्य मौत थी, तो साथी इस तरह चुपचाप भागने की कोशिश क्यों करते?

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, 5 संदेही हिरासत में
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह शॉर्ट पीएम रिपोर्ट या विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

युवती के साथ रिसॉर्ट में ठहरे कुल पांच संदेही लोगों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। ये सभी दुर्ग-भिलाई व आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं। फिलहाल वे युवती की मौत के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ भी बताने से बच रहे हैं। प्रथम दृष्टया यह मामला किसी हादसे (एक्सीडेंटल) या संदिग्ध परिस्थितियों से जुड़ा लग रहा है। जांच जारी है।
दिलीप पटेल, थाना प्रभारी सोमनी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here