खैरागढ़ (दावा)। विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम अवेली में गुरुवार की शाम उस वक्त कौतूहल और उत्सुकता का माहौल बन गया। जब एक जंगली हिरण भटककर अचानक आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया। हालांकि ग्रामीणों ने अनुकरणीय समझदारी और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए वन्यजीव को कोई नुकसान नहीं पहुंचने दिया। ग्रामीणों की मुस्तैदी से हिरण को सुरक्षित बचाकर तत्काल डायल-112 और वन विभाग को सूचित किया गया। जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर उसका सफल रेस्क्यू किया।
आवारा कुत्तों ने किया था पीछा, खलिहान में ली शरण
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, जंगल से भटके इस हिरण के पीछे कुछ आवारा कुत्ते लगातार पड़े हुए थे। अपनी जान बचाने के फेर में हिरण भागते हुए गांव में घुस गया और बचाव के लिए एक किसान के ब्यारा (खलिहान) में जाकर छिप गया। किसान की नजर जब डरे-सहमे हिरण पर पड़ी तो उसने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए पहले आवारा कुत्तों को वहां से खदेड़ा। इसके बाद अन्य ग्रामीणों को एकत्र कर हिरण को सुरक्षित ढंग से पकड़ा और रस्सी से हल्के से बांध दिया, ताकि वह घबराहट में कहीं और भागकर चोटिल न हो जाए।
नागरिकों से अपील : वन्यजीवों को डराएं नहीं, विभाग को दे सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम अविलंब ग्राम अवेली पहुंची और हिरण को अपने संरक्षण में लिया। पशु चिकित्सकों द्वारा हिरण की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। जिसमें वह पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। इसके बाद टीम ने उसे उसके प्राकृतिक आवास (जंगल) में सुरक्षित छोड़ दिया। इस दौरान सुंदर वन्यजीव को करीब से निहारने के लिए गांव में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई थी।



