रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक नवजात बच्ची की मौत के बाद एक्सपायरी मिल्क पाउडर बेचने के आरोपों ने तूल पकड़ लिया है। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने मेकाहारा चौक के पास एक निजी मेडिकल स्टोर से मिल्क पाउडर खरीदा था। बच्ची को वही दूध पिलाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की शिकायत मौदहापारा थाने में दर्ज कराई गई है।
जुड़वा बच्चियों के लिए खरीदा गया था मिल्क पाउडर
पुलिस के अनुसार, चंद्रशेखर कन्नोजे की पत्नी डागेश्वरी कन्नोजे ने 29 जून को जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया था। मां का दूध पर्याप्त नहीं होने पर डॉक्टर ने मिल्क पाउडर देने की सलाह दी। इसके बाद 30 जून को चंद्रशेखर ने मेकाहारा गेट के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर से मिल्क पाउडर खरीदा।
दूध पिलाने के बाद बिगड़ी बच्ची की तबीयत
परिजनों का कहना है कि दोनों बच्चियों में से एक को उसी मिल्क पाउडर से तैयार दूध पिलाया गया। 4 जुलाई को उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। गंभीर हालत में उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन दो दिन तक इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई।
डॉक्टरों ने एक्सपायरी डेट की ओर किया इशारा, परिजनों का दावा
परिजनों का दावा है कि अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने मिल्क पाउडर के डिब्बे पर एक्सपायरी डेट देखकर बताया कि बच्ची की तबीयत एक्सपायरी मिल्क पाउडर पीने से बिगड़ी हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक मेडिकल जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है।
मेडिकल स्टोर पर लगाया गंभीर आरोप
परिजनों का आरोप है कि जब वे शिकायत लेकर मेडिकल स्टोर पहुंचे तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने उनके हाथ से एक्सपायरी मिल्क पाउडर का डिब्बा छीन लिया और उसकी जगह दूसरा डिब्बा दे दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मेडिकल स्टोर संचालक को सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने का नोटिस जारी किया गया है। साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय को मामले की जांच के लिए पत्र भेजा गया है। सभी संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर बयान दर्ज किए जाएंगे।
मिल्क पाउडर खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
कोई भी पैक्ड फूड या मिल्क पाउडर खरीदने से पहले उसकी एक्सपायरी डेट जरूर जांचें।
बिना एक्सपायरी डेट वाला उत्पाद कभी न खरीदें। ऑनलाइन या ऑफलाइन, दोनों जगह से खरीदारी करते समय उत्पाद की जानकारी ध्यान से पढ़ें।
खरीदारी के बाद बिल या रसीद जरूर संभालकर रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर उसका इस्तेमाल किया जा सके।
पैकेट खुला हुआ या संदिग्ध लगे तो उसका उपयोग न करें और तुरंत शिकायत करें।



