० 3 करोड़ 39 लाख की लागत से बड़ा नाला-कन्हैया नाला निर्माण कार्य प्रगति पर, जलभराव से मिलेगी राहत
० 100 से अधिक पीएम आवासों का निर्माण जारी, सडक़ों के गड्ढे भरने के लिए पेचवर्क शुरू
० यातायात सुगम बनाने दिन-रात चल रहा मवेशी धरपकड़ अभियान, छोड़े जाने पर लगेगा जुर्माना
राजनांदगांव (दावा)। नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चौतरफा विकास कार्यों को गति दी जा रही है। मानसून और वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन द्वारा जल निकासी व्यवस्था, सडक़ संधारण (मरम्मत), प्रधानमंत्री आवास योजना तथा आवारा मवेशियों की रोकथाम संबंधी कार्यों को विशेष प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। इन सभी जनोपयोगी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।
कन्हैया नाला निर्माण से दूर होगी जलभराव की समस्या
शासन द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 3 करोड़ 39 लाख की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से बड़ा नाला-कन्हैया नाला का निर्माण कार्य वर्तमान में युद्ध स्तर पर प्रगति पर है। वर्तमान में इंदिरा नगर की ओर से नाला निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। इस निर्माण कार्य की प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जा रही है तथा ठेकेदार को श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। नाला निर्माण पूर्ण होने के बाद शहर के एक बड़े हिस्से को जलभराव की गंभीर समस्या से बड़ी राहत मिलेगी तथा वर्षा जल की निकासी सुचारू रूप से हो सकेगी। इसके साथ ही निचले व जलभराव वाले क्षेत्रों में मलबा हटाने एवं बड़े नालों की नियमित गाद-सफाई का कार्य भी निरंतर जारी है।
सडक़ों का संधारण और महावीर चौक पर पेचवर्क शुरू
नगर निगम द्वारा वर्षा ऋतु के दौरान शहर की सडक़ों को आवागमन के लायक बनाए रखने के लिए संधारण का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों और अंदरूनी हिस्सों में पेचवर्क (गड्ढा भराई) कराया जा रहा है। इसी कड़ी में व्यस्ततम महावीर चौक पर स्थित गड्ढों की भी तत्काल मरम्मत की जाएगी। इसके अलावा, लोक निर्माण विभाग को बसंतपुर रोड पर निर्मित डिवाइडर के क्षतिग्रस्त हिस्से को सुधारने के संबंध में आधिकारिक रूप से सूचित कर दिया गया है। नगर निगम द्वारा स्वच्छता एवं सुचारू आवागमन के लिए जिला अस्पताल कॉलोनी में निर्मित सडक़ एवं नालियों की नियमित साफ-सफाई कराई जा रही है।
स्पर्श प्रणाली से हो रहा पीएम आवास हितग्राहियों का भुगतान
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र में वर्तमान में 100 से अधिक गरीबों के आवास निर्माणाधीन हैं। निगम के तकनीकी अधिकारियों द्वारा इन साइट्स का नियमित निरीक्षण कर निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए जा रहे हैं। शासन द्वारा हितग्राहियों के खातों में दी जाने वाली राशि के भुगतान में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एसएलए (स्पर्श) प्रणाली के माध्यम से सीधे ट्रांसफर किया जा रहा है। सभी निर्माणाधीन आवासों की जियो-टैगिंग और प्रगति के आधार पर चरणबद्ध भुगतान की त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
दुर्घटनाएं रोकने रात में भी चल रहा मवेशी धरपकड़ अभियान
शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारू बनाए रखने के लिए नगर निगम के अमले द्वारा प्रतिदिन मवेशी धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। सडक़ों, मुख्य चौराहों और डिवाइडरों पर विचरण करने वाले आवारा मवेशियों को पकडक़र सीधे कांजी हाउस भेजा जा रहा है। रात के समय होने वाली संभावित सडक़ दुर्घटनाओं को टालने के लिए निगम का विशेष दस्ता रात्रि कालीन ड्यूटी में भी सडक़ों से मवेशियों को हटाने का कार्य पूरी मुस्तैदी से कर रहा है। नगर निगम ने सभी पशुपालकों से सख्त लहजे में अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुले में आवारा न छोड़ें तथा उन्हें अपने घरों या डेयरियों में सुरक्षित रूप से बांधकर रखें। पकड़े गए मवेशियों के स्वामियों पर नियमानुसार कड़े आर्थिक दंड (जुर्माने) की कार्रवाई की जा रही है। निगम ने साफ किया है कि पशुपालकों के सहयोग और जागरूकता से ही शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जा सकता है।


