Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़: भिलाई में बड़ी लापरवाही, चलती स्कूल वैन का खुला गेट; सड़क...

छत्तीसगढ़: भिलाई में बड़ी लापरवाही, चलती स्कूल वैन का खुला गेट; सड़क पर गिरा मासूम बच्चा, CCTV में कैद हुई घटना…

9
0

भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई से स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ताक पर रखने का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ छावनी थाना क्षेत्र में एक चलती स्कूल वैन का पिछला दरवाजा अचानक खुल गया, जिससे एक मासूम बच्चा सीधे चलती गाड़ी से सड़क पर गिर पड़ा। गनीमत रही कि उस वक्त वैन के ठीक पीछे कोई तेज़ रफ्तार वाहन नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यह पूरी दिल दहला देने वाली घटना पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।

जल्दबाजी में ड्राइवर ने नहीं लगाया लॉक

प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 8 जुलाई की दोपहर करीब 1:30 बजे की है। खुर्सीपार स्थित फॉरबेल्स स्कूल की वैन बच्चों को छुट्टी के बाद उनके घर छोड़ने निकली थी। नंदिनी रोड पर वैन चालक ने एक बच्चे को उतारा और फिर जल्दबाजी में आगे बढ़ गया।

वैन चालक ने गाड़ी का पिछला गेट ठीक से लॉक नहीं किया था। जैसे ही वैन ने रफ्तार पकड़ी, पीछे बैठे एक मासूम बच्चे का संतुलन बिगड़ गया और वह खुले गेट से सीधे चलती गाड़ी से सड़क पर आ गिरा।

300 मीटर आगे निकल गया चालक, बाइक सवारों ने घेरा

बच्चे के सड़क पर गिरते ही आसपास के दुकानदारों और राहगीरों के होश उड़ गए। लोगों ने वैन चालक को रुकने के लिए ज़ोर-ज़ोर से आवाज़ें लगाईं, लेकिन लापरवाही की हद देखिए कि ड्राइवर को भनक तक नहीं लगी और वह करीब 300 मीटर आगे निकल गया। इसके बाद पीछे से आ रहे कुछ सजग बाइक सवारों ने वैन का पीछा किया और उसे आगे जाकर रुकवाया। इस बीच मौके पर मौजूद एक महिला ने सड़क पर गिरे घायल बच्चे को संभाला और उसे वापस उसी वैन में बैठाकर आगे रवाना किया।

नियमों की धज्जियां: वैन में नहीं था कोई हेल्पर बताया जा रहा है कि घटना के वक्त स्कूल वैन में केवल ड्राइवर ही मौजूद था। सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस के विपरीत, बच्चों की देखरेख के लिए वैन में कोई महिला अटेंडेंट, कंडक्टर या सहायक मौजूद नहीं था।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पालकों में भारी आक्रोश है। स्कूल प्रबंधन और परिवहन विभाग की लापरवाही को लेकर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं:

बिना किसी सहायक या हेल्पर के छोटे बच्चों को वैन में कैसे भेजा जा रहा था?

क्या वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों (Child Lock) की नियमित जांच नहीं की जाती?

मासूमों की जान जोखिम में डालने वाले ऐसे वैन चालकों पर प्रशासन क्या कार्रवाई करेगा?

फिलहाल, इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन मामले की जांच और संबंधित स्कूल वैन चालक पर सख्त कार्रवाई की तैयारी में है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here