० कलेक्टर के हस्तक्षेप और लगातार खबरों के प्रकाशन के बाद जागा अमला, कोहका-मटिया मार्ग सहित कई स्थानों पर अवैध स्टॉक
० 5 हाइवा रेत नदी में की गई सुपुर्द, बाकी रेत जब्त कर आगे की कार्यवाही में जुटा प्रशासन
डोंगरगांव (दावा)। क्षेत्र में अवैध रूप से डंप करके रखी गई रेत के खिलाफ राजस्व और खनिज (माईनिंग) विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी और निर्णायक कार्यवाही की है। स्टॉक रेत को लेकर मीडिया में लगातार खबरों के प्रकाशन और राजनांदगांव कलेक्टर के कड़े हस्तक्षेप के बाद आखिरकार शनिवार 11 जुलाई को प्रशासनिक अमला हरकत में आया। अधिकारियों ने बड़ी कार्यवाही करते हुए जब्त की गई रेत को वापस खुज्जी स्थित शिवनाथ नदी में डाल दिया है।
खेतों और शासकीय भूमि पर किया गया था अवैध स्टॉक
गौरतलब है कि कोहका-मटिया मार्ग पर ऐसे अनेक स्थान हैं। जहां रेत माफियाओं द्वारा नदी से अवैध रूप से रेत निकालकर भारी मात्रा में स्टॉक किया गया था। यह अवैध भंडारण नदी से लगे निजी खेतों, निजी भूमियों के साथ-साथ शासकीय जमीनों पर भी बेखौफ तरीके से किया जा रहा था। शनिवार दोपहर जैसे ही राजस्व और खनिज विभाग के अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे, रेत कारोबार से जुड़े संदिग्ध लोगों की आवाजाही अचानक बढ़ गई और वे पूरी कार्यवाही के दौरान आसपास ही मंडराते रहे।
मीडिया की मौजूदगी में नदी में खाली कराए 5 हाइवा रेत
अधिकारियों ने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मीडियाकर्मियों की उपस्थिति में कार्यवाही को अंजाम दिया। मौके पर जब्त की गई स्टॉक रेत में से लगभग 5 हाइवा रेत को तत्काल ट्रकों में लोड करवाकर वापस खुज्जी शिवनाथ नदी में डाल दिया गया। इसके अलावा, क्षेत्र में बचे हुए अन्य रेत के भंडारों को भी विभागीय तौर पर जब्त कर आगे की दंडात्मक कार्यवाही की बात कही गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी डंप पड़ी रेत पर आने वाले दिनों में ऐसी ही सख्त कार्यवाही जारी रहेगी। इस पूरी संयुक्त कार्यवाही को नायब तहसीलदार जे.पी. खुटे, भरत लाल बंजारे, गोपीकृष्ण साहू, शांताराम देवांगन, संदीप राजपूत और कुंदन साहू की उपस्थिति में मुस्तैदी के साथ अंजाम दिया गया। प्रशासन की इस अचानक हुई बड़ी कार्यवाही से क्षेत्र के रेत माफियाओं और अवैध रूप से भंडारण करने वालों में हडक़ंप मच गया है।



