मदनवाड़ा-कोरकुट्टी के शहीद स्मारक पर अर्पित की पुष्पांजलि, स्कूली बच्चों को बांटीं साइकिलें
भय के साए से निकलकर विकास की मुख्यधारा में लौट रहा मदनवाड़ा
दौरे के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद संतोष पांडे ने कहा कि एक समय था जब बसेली, मदनवाड़ा और कोरकुट्टी का नाम नक्सल हिंसा के कारण पूरे देश में सुर्खियों में रहता था और लोग यहाँ आने से भी डरते थे। लेकिन आज केंद्र और राज्य सरकार की प्रभावी नीतियों, सुरक्षा बलों के साहस तथा स्थानीय जनता के सहयोग से यह क्षेत्र तेजी से विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है। क्षेत्र में सडक़, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।
राजनांदगांव (दावा)। राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पांडे ने शुक्रवार को नक्सल हिंसा की ऐतिहासिक व दर्दनाक घटनाओं के साक्षी रहे सुदूर बसेली, मदनवाड़ा और कोरकुट्टी क्षेत्र का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2009 में नक्सली हमले में शहीद हुए तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार चौबे सहित सभी वीर जवानों की शहादत को नमन किया। इसके साथ ही उन्होंने बसेली और मदनवाड़ा के स्कूलों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलों का वितरण किया।
वीर सपूतों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता : सांसद
सांसद संतोष पांडे ने कोरकुट्टी स्थित शहीद स्थल पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। श्री पांडे ने कहा कि तत्कालीन एसपी विनोद कुमार चौबे और हमारे वीर सपूतों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके अदम्य साहस और समर्पण की बदौलत ही आज हमारा क्षेत्र सुरक्षित है। शहीदों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है और उनकी शहादत आने वाली पीढय़िों को राष्ट्र सेवा के लिए हमेशा प्रेरित करती रहेगी। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, आजादी के बाद यह पहला ऐतिहासिक अवसर है जब क्षेत्र के निर्वाचित सांसद स्वयं इन अंतिम गांवों तक पहुंचे हैं। सांसद ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में विकास, शिक्षा, पक्की सडक़ें, शुद्ध पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे ताकि यहां के बच्चों को बेहतर जीवन और उज्ज्वल भविष्य मिल सके। दौरे के दौरान सांसद ने बसेली एवं मदनवाड़ा स्थित शासकीय स्कूलों में विद्यार्थियों को साइकिलों का वितरण कर उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस ऐतिहासिक दौरे के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष दिलीप वर्मा, भोजेश शाह, राजेश जैन गुजराती, मदन साहू, अमरु राम, रेनू टांडिया, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



