Home समाचार कोरकोट्टी हमले के अमर शहीदों को राजनांदगांव पुलिस और जनप्रतिनिधियों ने दी...

कोरकोट्टी हमले के अमर शहीदों को राजनांदगांव पुलिस और जनप्रतिनिधियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि…

43
0

शहीद एसपी विनोद चौबे सहित 29 वीर जवानों की पुण्य स्मृति में कार्यक्रम; पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने किया शहीद परिवारों का सम्मान

शहीदों की याद में स्वास्थ्य शिविर व रक्तदान का आयोजन, 21 पुलिस कर्मियों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

राजनांदगांव (दावा)। दिनांक 12 जुलाई 2009 को तत्कालीन जिला राजनांदगांव (वर्तमान जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी) के ग्राम कोरकोट्टी (थाना मानपुर) में नक्सलियों से लोहा लेते हुए अपनी माटी की रक्षा के लिए प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले तत्कालीन पुलिस अधीक्षक स्वर्गीय श्री विनोद कुमार चौबे सहित 29 वीर पुलिस जवानों की पुण्य स्मृति में रविवार को जिला पुलिस राजनांदगांव द्वारा एक गरिमामय श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया।

प्रतिमा और शहीद स्मारक पर अर्पित किए श्रद्धासुमन
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 09:00 बजे शहीद स्वर्गीय श्री विनोद कुमार चौबे की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात रक्षित केन्द्र राजनांदगांव स्थित शहीद स्मारक एवं मंगल भवन में सभी वीर शहीदों के छायाचित्रों पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा गया। उपस्थित जनों ने शहीदों के अद्वितीय साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा को नमन किया।

शहीद परिवारों का आत्मीय सम्मान, सुनी गईं समस्याएं
इस भावुक क्षण में पुलिस अधीक्षक राजनंदगांव सुश्री अंकिता शर्मा एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने शहीद परिवारों का शाल एवं श्रीफल भेंटकर आदरपूर्वक सम्मान किया। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक परिवार से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं को अत्यंत संवेदनशीलता से सुना तथा प्राथमिकता के आधार पर उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। एसपी ने कहा कि शहीदों का सर्वोच्च बलिदान सदैव पुलिस परिवार और समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

मानव सेवा से दी अदम्य साहस को श्रद्धांजलि
शहीदों की पावन स्मृति में जिला पुलिस द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। इस शिविर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें 21 अधिकारी-कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा के माध्यम से वीर शहीदों को एक अनूठी श्रद्धांजलि अर्पित की।

जनप्रतिनिधियों ने जताया सदैव साथ खड़े रहने का भरोसा
श्रद्धांजलि समारोह में विशेष रूप से उपस्थित सांसद श्री संतोष पांडे, पूर्व सांसद श्री अभिषेक सिंह, पूर्व महापौर श्री मधुसूदन यादव, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल श्री नीलू शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री कोमल सिंह राजपूत, श्रीमती किरण वैष्णव, श्रीमती किरण साहू, श्रीमती पूर्णिमा साहू, श्री सचिन बघेल, श्री कुलबीर छाबड़ा तथा नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष श्री संतोष पिल्ले सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। जनप्रतिनिधियों ने शहीद परिवारों को विश्वास दिलाया कि उनकी सुरक्षा, सम्मान और कल्याण शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और वे हर मोड़ पर उनके साथ मजबूती से खड़े हैं।

प्रशासनिक अधिकारी व शाला परिवार रहे उपस्थित
इस गरिमामय व देशप्रेम से ओतप्रोत कार्यक्रम में राजनांदगांव कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर, पीटीएस राजनांदगांव से डीएसपी श्रीमती किरण चौधरी, रक्षित निरीक्षक श्री लोकेश कुमार कसेर सहित जिले के समस्त पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, शहीद परिवारों के सदस्य तथा पत्रकार बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों ने वीर शहीदों के अदम्य साहस और देशभक्ति को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा राष्ट्र सेवा में सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here