राजनांदगांव। ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की भावना के साथ राजनांदगांव का अग्रवाल समाज लगातार समाज सेवा के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। इसी कड़ी में अग्रवाल सभा, अग्रवाल महिला मंडल एवं अग्रवाल नवयुवक मंडल के संयुक्त तत्वावधान में सर्व समाज की बेटियों के लिए निःशुल्क ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (HPV) टीकाकरण शिविर का गरिमामय शुभारंभ किया गया।

इस सेवा कार्य के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद अभिषेक सिंह थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद एवं महापौर मधुसूदन यादव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में अग्रवाल सभा के पूर्व अध्यक्ष व विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल एवं प्रतिष्ठित समाजसेवी नंदकुमार अग्रवाल उपस्थित रहे। अतिथियों का अग्रवाल समाज के पदाधिकारियों द्वारा आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया गया।
अग्रणी रहा है अग्रवाल समाज का इतिहास
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि भगवान अग्रसेन जी के वंशजों की दानशीलता का इतिहास देश भर में जगजाहिर है। देश के विकास में चिकित्सालय, धर्मशाला, कुएं और शिक्षण संस्थानों की स्थापना में समाज के दानवीरों का अतुलनीय योगदान रहा है। राजनांदगांव का अग्रवाल समाज भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बिना किसी भेदभाव के सर्व समाज के हित में निरंतर कार्य कर रहा है।
इन नई सुविधाओं की हुई शुरुआत:
निःशुल्क कॉमर्स कोचिंग सेंटर: हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों के लिए सर्व समाज हेतु निःशुल्क कॉमर्स कोचिंग सेंटर की शुरुआत आज से की गई है।
स्मृति कंप्यूटर सेंटर: श्रीमती अंगूरी देवी मूलचंद जी अग्रवाल स्मृति कंप्यूटर सेंटर, जो कोरोना काल से बंद था, उसे आज समाजसेवी अशोक गोपाल जी अग्रवाल के सहयोग से पुनः प्रारंभ किया गया है। यहाँ बच्चों को निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा दी जाएगी।
होम्योपैथी चिकित्सालय: पिछले 25 वर्षों से संचालित होम्योपैथी चिकित्सालय जिसे महामारी के दौरान बंद करना पड़ा था, उसे भी शीघ्र ही पुनः प्रारंभ करने की योजना है।
कोरोना काल और स्वास्थ्य सेवाओं में बेमिसाल योगदान
समारोह में अग्रवाल समाज द्वारा किए गए सेवा कार्यों को रेखांकित किया गया। कोरोना संकट के दौरान समाज ने राशन किट वितरण, ऑक्सीजन सिलेंडर, पुलिस व यात्रियों के लिए ग्लूकोज वितरण, कुलियों व मंदिर आश्रित व्यवसायियों को नकद सहायता तथा मरीजों को भोजन व अस्पतालों में बेड उपलब्ध कराने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी।
इसके अलावा, विगत वर्षों में नारायण हॉस्पिटल व रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल रायपुर के सहयोग से निःशुल्क शिविर लगाए गए। पिछले माह ही हकलाने व तुतलाने वाले 30 बच्चों का निःशुल्क उपचार शिविर आयोजित किया गया, वहीं स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर पोलियो उन्मूलन अभियान भी चलाया गया।
भवन में वर्तमान में उपलब्ध सुविधाएं
अग्रवाल सभा द्वारा वर्तमान में भी सर्व समाज के उपयोग के लिए अग्रसेन भवन में शव सुरक्षा फ्रीजर, ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन मशीन एवं मरीजों के लिए विशेष बेड की व्यवस्था निरंतर रखी गई है। सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि शासन-प्रशासन का इसी तरह सहयोग प्राप्त होता रहे, तो अग्रवाल सभा ऐसे सेवा कार्यों को स्थाई रूप से संचालित करने के लिए पूरी तरह तत्पर है।
इस अवसर पर अग्रवाल सभा, महिला मंडल और नवयुवक मंडल के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व हितग्राही उपस्थित थे।



