स्वामी आत्मानंद स्कूल घुमका में शाला प्रवेश उत्सव व साइकिल वितरण संपन्न
घुमका (दावा)। स्थानीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय घुमका में शाला प्रवेश उत्सव और नि:शुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती फूलमती जय कुमार वर्मा गरिमामयी उपस्थिति रहीं, जबकि अध्यक्षता श्री पीताम्बर निषाद ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और उनके पालकगण उपस्थित थे।
तिलक लगाकर किया गया स्वागत
कार्यक्रम के दौरान कक्षा पहली और छठवीं के नव-प्रवेशी बच्चों का अतिथियों द्वारा तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके साथ ही बच्चों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। वहीं राज्य शासन की कल्याणकारी योजना के तहत कक्षा 9वीं की छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलें प्रदान की गईं, जिससे छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ देखी गई।
अध्यक्ष ने की विकास कार्यों की घोषणा
नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती फूलमती वर्मा ने स्कूल की व्यवस्था और शिक्षा की गुणवत्ता की सराहना करते हुए शिक्षकों को बेहतर अध्यापन के लिए अनेक उपयोगी सुझाव दिए। स्कूल प्रबंधन समिति (स्रूष्ट) के अध्यक्ष और सदस्यों की मांग पर तत्परता दिखाते हुए उन्होंने स्कूल सुरक्षा के लिए बजट के अनुसार 10 से 12 नग सीसीटीवी कैमरे लगाने, बच्चों के बैठने के लिए डेस्क-टेबल की व्यवस्था करने तथा स्कूल परिसर को स्वच्छ रखने के लिए प्रत्येक सप्ताह स्वच्छता दीदियों से सफाई कराने की महत्वपूर्ण घोषणा की। इसके अलावा स्कूल में थ्री-फेस बिजली कनेक्शन की समस्या को लेकर उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात कर जल्द से जल्द कनेक्शन लगवाने का आश्वासन भी दिया।
इस गरिमामयी अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में गणपत दुबे, जनपद सदस्य चंद्रेश वर्मा, महादेव वर्मा, छन्नू आडिल, पार्षद रामचंद्र वर्मा, पार्षद कुमार बघेल, युवराज सिंह चंदेल, सेवाराम दुबे, दिलीप पटेल, रूपेश साहू, दुर्गेश साहू, लखन लाल बंजारे, बिसे लाल वर्मा, गोपी राम सिन्हा, श्रीमती पूर्णिमा वर्मा, श्रीमती ममता वर्मा, श्रीमती योगेश्वरी पटेल, श्रीमती नीरा खोबरागड़े सहित शाला परिवार, स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में जागरूक पालकगण उपस्थित रहे।



