पानी में डूबने से हुई 3 बच्चों की मौत पर जिला प्रशासन की त्वरित पहल, प्रभावित परिवारों को 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत
राजनांदगांव (दावा)। डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम बोरतलाब में 15 जुलाई को पानी में डूबने से तीन बच्चों की हुई मृत्यु के प्रकरण में जिला प्रशासन ने तत्परता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के तहत ग्राम बोरतलाब निवासी राकेश मंडावी के पुत्र कृष मंडावी एवं दानिश मंडावी तथा कमलेश कोकुरे के पुत्र सार्थक कोकुरे की मृत्यु होने पर उनके परिजनों को 4-4 लाख रूपए कुल 12 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि भुगतान की है।
राजनांदगांव (दावा)। डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम बोरतलाब में बीते बुधवार को डबरी में डूबने से तीन मासूम स्कूली बच्चों की हुई दर्दनाक मौत के बाद राजनांदगांव नगर निगम के महापौर मधुसूदन यादव ने शुक्रवार को बोरतलाब पहुंचकर पीडि़त परिवारों से मुलाकात की। महापौर ने डोंगरगांव के वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश गांधी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
कलेक्टर और डीईओ से फोन पर की चर्चा, आरबीसी 6-4 के तहत मिलेगी त्वरित राहत
महापौर मधुसूदन यादव ने पीड़ित परिवारों से मिलने के बाद मौके से ही कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) से मोबाइल पर सीधे बात की। उन्होंने ग्रामवासियों को आश्वस्त किया कि प्राकृतिक आपदा के तहत राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के अंतर्गत पीडि़त परिवारों को जिला प्रशासन के माध्यम से 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि तत्काल दिलाई गई। महापौर ने बताया कि हादसे का शिकार हुए दो शासकीय स्कूली बच्चे—कृष्ण मंडावी (5 वर्ष) और दिनेश मंडावी (6 वर्ष) को स्कृल शिक्षा विभाग की ओर से मिलने वाली 1-1 लाख रुपये की विद्यार्थी दुर्घटना बीमा राशि स्वीकृत कराई जाएगी। वहीं हादसे में मृत तीसरे बच्चे सार्थक कोकाटे (6 वर्ष) के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि वह प्राइवेट स्कूल में पढ़ता था। जिसके कारण वह शासकीय स्कूल की दुर्घटना बीमा योजना के दायरे में नहीं आता। इस पर महापौर ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए आश्वासन दिया कि वे सार्थक के परिवार के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष व राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह से विशेष आर्थिक सहायता और राहत राशि मंजूर कर दी है।
आरोपी रेलवे ठेकेदार पर होगी सख्त कार्रवाई, थाना प्रभारी को निर्देश
ग्रामवासियों ने महापौर के समक्ष इस हादसे के लिए जिम्मेदार लापरवाही को लेकर आक्रोश व्यक्त किया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए महापौर मधुसूदन यादव ने बोरतालाब थाना प्रभारी से मौके पर ही चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि इस पूरे प्रकरण की शीघ्रता और निष्पक्षता से जांच की जाए और लापरवाही बरतने वाले आरोपी रेलवे ठेकेदार के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पालकों से महापौर की अपील : जल स्रोतों के पास अकेले न भेजें बच्चे
इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए महापौर ने क्षेत्र के सभी पालकों और ग्रामीणों से भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए अभिभावक विशेष ध्यान दें और अपने छोटे बच्चों को कुआं, नदी, तालाब या डबरी जैसे जल स्रोतों के पास अकेले बिल्कुल न भेजें। बच्चों को हमेशा अपनी निगरानी में ही रखें। इस दौरान उनके साथ मुख्य रूप से गिरवर साहू, बोधी राम साहू, जितेंद्र सिन्हा, अशोक साहू, कैलाश ऊके, देवेंद्र सुलाखे, नगर निगम राजनांदगांव के पार्षद सावन वर्मा, संजू बघेल, सतीश, डिलेश्वर साहू, अमित भाटिया सहित भारी संख्या में भाजपा नेता और ग्रामीण उपस्थित रहे।



