पिकअप वाहन से मां बम्लेश्वरी का दर्शन कर लौट रहे परिवार को तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी
राजनांदगांव (दावा)। नेशनल हाईवे पर देर रात एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी देवी का दर्शन कर दुर्ग लौट रहा एक परिवार हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में एक मासूम की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा भानपुरी के पास नेशनल हाईवे स्थित साईं मिथिला ढाबा के नजदीक हुआ। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में खराबी आने के कारण चालक उसे सडक़ किनारे खड़ा कर ठीक कर रहा था। इसी दौरान नागपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक बालक को मृत घोषित कर दिया। अन्य सात घायलों का इलाज जारी है।



