शिवनाथ एनीकट के पास चौपाटी निर्माण और आय बढ़ाने के लिए व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स की मांग, सौंपा ज्ञापन
अंबागढ़ चौकी (दावा)। नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी के सर्वांगीण विकास की कार्ययोजना को लेकर गुरुवार को राजधानी रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ विधानसभा में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने छत्तीसगढ़ शासन के उप-मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन विकास मंत्री अरुण साव से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नगर के विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति, अनुदान उपलब्धता और अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए विस्तृत चर्चा कर एक मांग पत्र (ज्ञापन) सौंपा। मुलाकात के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष ने नगर में जल आवर्धन योजना के अंतर्गत इंटेकवेल हेतु भूमि अधिग्रहण की मंजूरी देने, प्रभावित किसानों को मुआवजा फंड उपलब्ध कराने तथा नालंदा परिसर व एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) के निर्माण की स्वीकृति पर नगरवासियों की ओर से विभागीय मंत्री के प्रति आभार प्रकट किया।
शिवनाथ एनीकट के समीप बनेगी चौपाटी, युवाओं को मिलेगा रोजगार
उप-मुख्यमंत्री अरुण साव को ज्ञापन सौंपते हुए अनिल मानिकपुरी ने बताया कि अंबागढ़ चौकी नगर से छत्तीसगढ़ की जीवनदायिनी शिवनाथ नदी गुजरती है। जिसका उद्गम के बाद यह पहला बड़ा स्टापेज है। नगर के सौंदर्यीकरण, नागरिकों के मनोरंजन और स्थानीय युवाओं को दुकानों के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए शिवनाथ एनीकट के समीप चौपाटी का निर्माण बेहद आवश्यक है। इसके लिए उन्होंने राज्य प्रवर्तित योजना के तहत 50 लाख रुपये के अनुदान की मांग की है। साथ ही नया बस स्टैंड परिसर में मुसाफिरों की सुविधा के लिए 30 लाख रुपये की लागत से रैन बसेरा निर्माण की स्वीकृति का आग्रह किया।
निकाय की माली हालत सुधारने के लिए कॉम्प्लेक्स निर्माण की जरूरत
नगर अध्यक्ष ने नगरीय प्रशासन मंत्री को निकाय की तंग माली हालत से अवगत कराते हुए बताया कि वर्तमान में नियमित कर्मचारियों की संख्या अधिक होने के कारण स्थापना व्यय काफी बढ़ गया है। जिससे कई बार कर्मचारियों के वेतन भुगतान में विलंब होता है। निकाय को आत्मनिर्भर बनाने और आय के स्रोत बढ़ाने के लिए उन्होंने नया व पुराना बस स्टैंड, परमेश्वरी नगर एवं टाउन हॉल के समीप व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स निर्माण और पालिका बाजार योजना के तहत विशेष अनुदान राशि स्वीकृत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि इन व्यावसायिक परिसरों को मंजूरी मिलती है तो नगर पंचायत वेतन भुगतान के मामले में आत्मनिर्भर हो जाएगी। चर्चा के दौरान अनिल मानिकपुरी ने 15वें वित्त योजना और अधोसंरचना मद के अंतर्गत नवीन बस स्टैंड में सडक़ व नाली निर्माण, आईटीआई व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाने वाले मुख्य मार्ग का जीर्णोद्धार तथा विभिन्न वार्डों में बुनियादी विकास कार्यों के लिए फंड जारी करने की मांग की।
प्राथमिकता के आधार पर मिलेंगे कार्य : अरुण साव
नगर अध्यक्ष की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने भरोसा दिलाया कि अंबागढ़ चौकी नगर की प्राथमिकताओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए निकाय से जुड़े विकास कार्यों को बारी-बारी से जल्द ही स्वीकृति प्रदान की जाएगी। नगर पंचायत अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों की ओर से उप-मुख्यमंत्री (जो पीएचई, लोक निर्माण एवं खेल युवा कल्याण मंत्री भी हैं) को अंबागढ़ चौकी नगर पधारने का आधिकारिक न्यौता दिया। उन्होंने कहा कि मंत्री जी के ढाई वर्ष के कार्यकाल में नगरीय विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं, लेकिन नवीन गठित जिला मोहला-मानपुर, अंबागढ़ चौकी में उनका अब तक कोई आधिकारिक दौरा नहीं हुआ है। अत: क्षेत्र की जनता उनके स्वागत के लिए उत्सुक है।



