राजधानी रायपुर के पॉश इलाके मोवा स्थित अशोका आइकन अपार्टमेंट में चोरी की एक बड़ी वारदात का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। घर की अलमारी तोड़कर 51 लाख रुपए नकद और करीब 70 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर पार करने वाला कोई और नहीं, बल्कि उसी घर का रसोइया (कुक) निकला। पंडरी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पूरा चोरी गया माल बरामद कर लिया है।
नया रायपुर गए थे परिवार के लोग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात उस वक्त हुई जब फ्लैट में रहने वाला परिवार किसी जरूरी काम से नया रायपुर गया हुआ था। घर को सूना पाकर रसोइए महेंद्र कुमार यादव की नीयत डोल गई। उसने सुनियोजित तरीके से अपने कुछ अन्य साथियों के साथ मिलकर इस बड़ी चोरी को अंजाम दिया।
अलमारी का लॉक तोड़कर उड़ाई रकम और जेवरात
आरोपियों ने घर के अंदर रखी अलमारी के ताले और लॉकर को बड़ी सफाई से तोड़ा। इसके बाद अंदर रखे 51 लाख रुपए नकद और लगभग 70 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के कीमती जेवर समेटकर फरार हो गए। परिवार के वापस लौटने पर घटना की जानकारी सामने आई, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
शक के आधार पर गिरफ्तारी और शत-प्रतिशत बरामदगी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तुरंत विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और गहन पूछताछ के आधार पर पुलिस का शक घर के रसोइए महेंद्र कुमार यादव पर गहराया। जब पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस की बड़ी सफलता: पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए पूरे 51 लाख रुपए नकद और 70 लाख रुपए के जेवरात सुरक्षित बरामद कर लिए हैं।
सहयोगियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी की इस वारदात में महेंद्र कुमार यादव के साथ कुछ अन्य लोग भी शामिल थे। फिलहाल पुलिस उन फरार साथियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है और आरोपियों के पूरे आपराधिक नेटवर्क तथा अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की बारीकी से जांच की जा रही है।



