राजनांदगांव (दावा)। छत्तीसगढ़ और पूरे भारत देश के लिए एक बेहद गर्व और उत्साह भरा क्षण सामने आया है। राजनांदगांव की होनहार बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए रजत पदक अपने नाम किया है। 23 वर्षीया ज्ञानेश्वरी ने महिलाओं के 59 किलोग्राम वर्ग में उत्कृष्ट खेल भावना और बेजोड़ ताकत का प्रदर्शन करते हुए कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की।
रॉयल किड्स कॉन्वेंट की पूर्व छात्रा हैं ज्ञानेश्वरी
ज्ञानेश्वरी यादव की इस उपलब्धि पर उनके पूर्व विद्यालय रॉयल किड्स कॉन्वेंट में जश्न का माहौल है। विद्यालय परिवार ने अपनी इस प्रतिभावान एलुमनी (पूर्व छात्रा) पर गहरा गर्व व्यक्त किया है। खेल के प्रति ज्ञानेश्वरी का समर्पण और अनुशासित दिनचर्या ही आज उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच के इस मुकाम तक लेकर आई है। ज्ञानेश्वरी की इस अभूतपूर्व सफलता पर रॉयल किड्स कॉन्वेंट की शाला प्रबंधन समिति ने उन्हें हार्दिक बधाई दी।
शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्षा डॉ. सविता जेबी सिंह, उपाध्यक्ष अशोक चौधरी, प्राचार्य अभिषेक खंडेलवाल, उपप्राचार्य ममता मिश्रा, हेडमिस्ट्रेश सरिता सिंह, सांस्कृतिक प्रभारी अपर्णा वर्मा, डायरेक्टर सावंत बहादुर सिंह, जन्मेजय बहादुर सिंह, श्रेयांश बहादुर सिंह, मनीषा सिंह, पूजा सिंह, जाह्नवी सिंह एवं इला सिंह ने निदेशक संजय बहादुर सिंह को धन्यवाद ज्ञापित किया कि उन्होंने विशेष रुचि लेकर ज्ञानेश्वरी को सदैव प्रोत्साहित किया।
आरकेसी ने खिलाडिय़ों को दिया सदैव प्रोत्साहन-चौधरी
इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष अशोक चौधरी ने कहा रॉयल किड्स कॉन्वेंट में खिलाडिय़ों को सदैव प्रोत्साहन दिया जाता है। हमारे छात्र मृणाल चौबे आज देश-विदेश में राजनांदगांव का नाम रौशन कर रहे हैं। वहीं विद्यालय के वर्तमान छात्र अर्शवीर भी क्रिकेट में उम्दा प्रदर्शन कर रहे हैं। संस्थान का यह स्पष्ट संकल्प है कि किसी भी क्षेत्र में प्रतिभावान छात्रों को सदैव प्रोत्साहन व समर्थन देते रहेंगे।


