टोल टैक्स में 50प्रतिशत छूट और 24×7 रेस्क्यू टीम की मांग
राजनांदगांव। सडक़ों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवारा मवेशियों के लगातार जमावड़े और इसके कारण हो रही जानलेवा दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी ने नगर पालिक निगम आयुक्त एवं जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित होने तक आम जनता को टोल टैक्स में 50 प्रतिशत विशेष छूट दिए जाने तथा आपातकालीन व्यवस्था लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई है।बारिश के मौसम में बड़ी गंभीर समस्याएं ज्ञापन में आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधियों ने बताया कि मानसून के इस मौसम में स्थिति अत्यंत विकराल हो चुकी है। व्यस्ततम मुख्य मार्गों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर दिन-रात मवेशियों का झुंड बैठा रहता है। रात के अंधेरे में वाहन चालकों को मवेशी दिखाई न देने के कारण गाडिय़ां अनियंत्रित होकर हादसों का शिकार हो रही हैं। इससे आम नागरिकों व छात्र-छात्राओं की असमय जान जा रही है, वहीं मासूम गऊ माता एवं अन्य पशु भी वाहन की चपेट में आकर दम तोड़ रहे हैं। ज्ञापन की 4 प्रमुख मांगें:टोल टैक्स में 50प्रतिशत की विशेष छूट (बाधा शुल्क)- जब तक NHAI और नगर निगम सडक़ों को मवेशियों से मुक्त नहीं कर देते, तब तक असुविधा के बदले आम जनता को टोल प्लाजा पर 50 प्रतिशत छूट (रिलीफ डिस्काउंट) दी जाए।
24×7 संयुक्त मेडिकल रेस्क्यू टीम- सडक़ों पर दुर्घटनाग्रस्त वाहन चालकों और घायल मवेशियों के तत्काल उपचार के लिए NHAI और नगर निगम प्रशासन की संयुक्त मेडिकल इमरजेंसी एम्बुलेंस तैनात की जाए।हेल्पलाइन नंबर व डिस्प्ले बोर्ड: आवारा पशुओं की सूचना देने और हादसे के समय तत्काल मदद के लिए समर्पित हेल्पलाइन नंबर जारी कर उसे प्रमुख चौराहों पर प्रदर्शित किया जाए। 24×7 विशेष काऊ-कैचर टीम- सडक़ों से मवेशियों को सुरक्षित स्थानों (गौशालाओं/कांजी हाउस) में विस्थापित करने के लिए दिन-रात निरंतर गश्त करने वाली टीमें तैनात की जाएं। प्रशासनिक ढिलाई पर जताई चिंता:आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि वर्तमान में निगम व स्थानीय प्रशासन द्वारा मवेशियों को हटाने के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। टीम के हटते ही कुछ ही घंटों में स्थिति पुन: जस की तस हो जाती है। ‘‘आप’’ नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि आम जनता और गोवंश की सुरक्षा के लिए शीघ्र ही स्थायी कदम नहीं उठाए गए, तो उग्र जन-आंदोलन किया जाएगा।



