Home News खराब सडक़ और खराब विद्युत प्रबंध के कारण निगम से बे दखल...

खराब सडक़ और खराब विद्युत प्रबंध के कारण निगम से बे दखल हुई थी कांग्रेस…

10
0

0 बड़बोले नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले को जमाल खान ने दिलाया याद
राजनांदगांव। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले द्वारा महापौर मधुसूदन यादव पर लगाए गए आरोपों का भाजपा ने तीखा जवाब दिया है। भाजपा सोशल मीडिया उत्तर मंडल के सहसंयोजक जमाल खान ने कहा कि खराब सडक़, बदहाल विद्युत व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी के कारण जनता ने कांग्रेस को नगर निगम की सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अब कांग्रेस जनता का विश्वास खोने के बाद अनर्गल बयानबाजी कर रही है। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले द्वारा महापौर मधुसूदन यादव पर लगातार किए जा रहे हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सोशल मीडिया उत्तर मंडल के सहसंयोजक जमाल खान ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यकाल की विफलताओं को छिपाने के लिए भाजपा पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है जबकि सच्चाई यह है कि खराब सडक़ें, चरमराई बिजली व्यवस्था, सफाई और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की बदहाली से परेशान जनता ने कांग्रेस को निगम की सत्ता से बेदखल कर दिया था। जमाल खान ने कहा कि नगर निगम चुनाव में जनता ने कांग्रेस को ऐसा जनादेश दिया कि आज वह सत्ता से दूर बैठकर केवल बयानबाजी करने तक सीमित रह गई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यही राजनीतिक बेचैनी और सत्ता से दूर होने की पीड़ा नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले के बयानों में साफ दिखाई देती है।

उन्होंने कहा कि महापौर मधुसूदन यादव के नेतृत्व में नगर निगम शहर के विकास और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद कांग्रेस शासन के दौरान उपेक्षित विकास कार्यों को गति मिली है और शहर की अधूरी योजनाओं को पूरा करने की दिशा में गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। जमाल खान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान शहर की सडक़ें जर्जर हो गई थीं, बिजली व्यवस्था लगातार प्रभावित रहती थी तथा सफाई और पेयजल जैसी आवश्यक सेवाओं को लेकर नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। भाजपा सरकार और वर्तमान निगम प्रशासन ने इन व्यवस्थाओं में सुधार कर नागरिकों को राहत पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले को सलाह देते हुए कहा कि वे वर्तमान नगर निगम की तुलना पूर्व कांग्रेस महापौर श्रीमती हेमा सुदेश देशमुख के कार्यकाल से करें। उस समय उनके ही वार्ड में संक्रामक बीमारी फैलने की घटनाएं सामने आई थीं तथा बिजली, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर लगातार शिकायतें मिलती थीं। जमाल खान ने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और विकास कार्यों के आधार पर ही अपना निर्णय देती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का उद्देश्य राजनीतिक बयानबाजी नहीं बल्कि शहर के सर्वांगीण विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए कांग्रेस को निराधार आरोप लगाने के बजाय अपने कार्यकाल की कमियों का आत्ममंथन करना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here