जगदलपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव बुधवार को उत्तर प्रदेश के ललितपुर के पास हुए एक सड़क हादसे में घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्हें उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि श्री देव अपने परिवार के साथ बाबा बागेश्वर धाम के दर्शन के लिए गए हुए थे।
किरण देव अपने परिवार के साथ मंगलवार को बाबा बागेश्वर धाम के दर्शन के लिए गए थे। इसी दौरान वहां से लौटते समय ललितपुर के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचा तथा उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता की लहर दौड़ गई। फोन पर वे घटना की जानकारी लेते दिखाई दिए। पार्टी नेताओं और समर्थकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।



