० प्रशासनिक व वित्तीय प्रभार की खींचतान में कटी बिजली, पालक संघ ने जताई आपत्ति; डीईओ को पत्र वायरल होने के बाद जमा हुआ बिल
डोंगरगढ़ (दावा)। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मोहारा में बिजली बिल के समय पर भुगतान को लेकर स्कूल प्रबंधन की घोर लापरवाही उजागर हुई है। विभागीय तालमेल की कमी के चलते विद्यालय की बिजली आपूर्ति पिछले पांच दिनों से ठप रही, जिसके कारण भीषण गर्मी और उमस के बीच छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हुई। वहीं, बोरवेल बंद रहने से स्कूल में पेयजल संकट गहरा गया और शौचालय में पानी न होने से विद्यार्थियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी।
इस अव्यवस्था को संज्ञान में लेते हुए पालक संघ की ओर से सामाजिक कार्यकर्ता संतोष वर्मा ने प्रभारी प्राचार्य के समक्ष कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। इस पर प्रभारी प्राचार्य ने वित्तीय अधिकार न होने का हवाला देते हुए हाथ खड़े कर दिए। उन्होंने बताया कि मोहारा स्कूल का वित्तीय प्रभार (डीडीओ पावर) शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल देवकट्टा के प्राचार्य के पास है। वहीं देवकट्टा के प्राचार्य का कहना है कि मोहारा प्राचार्य द्वारा विद्युत बिल भुगतान हेतु समय पर नोटशीट प्रेषित नहीं की गई, जिसके चलते भुगतान अटक गया।
डीईओ को भेजा गया पत्र हुआ वायरल, तब जागा तंत्र
मामला तब गरमा गया जब विद्यालय की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को लिखा गया पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पत्र में स्पष्ट किया गया कि बिल राशि जमा न होने से बिजली आपूर्ति काटी गई थी। पत्र के अनुसार, प्रशासनिक व्यवस्था मोहारा के पास है जबकि वित्तीय दायित्व देवकट्टा प्राचार्य संभाल रहे हैं। सोशल मीडिया पर किरकिरी होने के बाद आनन-फानन में 10 सितंबर 2026 को डोंगरगढ़ ट्रेजरी के माध्यम से बिजली बिल का भुगतान कर पावती प्राप्त की गई, जिसके बाद जल्द बिजली बहाल होने का दावा किया गया है।
बीईओ ने साधी चुप्पी, अनभिज्ञता जताकर पल्ला झाड़ा
सरकारी स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक माहौल के दावों के बीच बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने शिक्षा विभाग की पोल खोल दी है। इस पूरे घटनाक्रम पर जब विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) डोंगरगढ़ से संपर्क किया गया, तो उन्होंने पहले टालमटोल की और बाद में पूरे मामले से अनभिज्ञता जता दी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि पांच दिनों तक स्कूल में बिजली गुल रहने की भनक तक जिम्मेदार ब्लॉक स्तरीय अधिकारी को क्यों नहीं लगी?
समय पर नोटशीट नहीं मिलने से हुई देरी: प्राचार्य, देवकट्टा
मोहारा स्कूल का वित्तीय प्रभार संभाल रहे देवकट्टा हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि नियमानुसार मोहारा के प्रभारी प्राचार्य को समय रहते बिजली बिल भुगतान की नोटशीट तैयार कर भेजनी थी। नोटशीट समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण ट्रेजरी से आहरण की प्रक्रिया बाधित हुई और यह स्थिति निर्मित हुई।



