Home छत्तीसगढ़ सड़कों की हालत जर्जर, लोक निर्माण विभाग बेखबर: खुज्जी व उमरवाही मार्ग...

सड़कों की हालत जर्जर, लोक निर्माण विभाग बेखबर: खुज्जी व उमरवाही मार्ग पर आवागमन हुआ कठिन, अधिकारी मुख्यालय से गायब…

13
0

खुज्जी/डोंगरगांव। एक तरफ जहां सरकार बेहतर यातायात, स्वास्थ्य और शिक्षा का दावा कर रही है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट नजर आ रही है। डोंगरगांव लोक निर्माण विभाग (PWD) के अंतर्गत आने वाली ग्रामीण सड़कों की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है।

ग्राम खुज्जी से देवरी मार्ग की हालत खस्ताहाल है। बारिश के दिनों में सड़क पूरी तरह कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाती है, जिससे राहगीरों की परेशानी कई गुना बढ़ जाती है। इसके बावजूद विभागीय स्तर पर मरम्मत का कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है।

दशकों पुरानी मांग, केवल दिखावे की मरम्मत

वनांचल क्षेत्र को जोड़ने वाली उमरवाही रोड के चौड़ीकरण और विस्तारीकरण की मांग दशकों से लंबित है। ग्रामीणों का आरोप है कि जब भी किसी मंत्री या बड़े जनप्रतिनिधि का इस मार्ग से दौरा तय होता है, तब विभाग द्वारा खानापूर्ति करते हुए एन-केन-प्रकारेण गड्ढों में मिट्टी-मुरुम पाटकर कमियों को छुपा दिया जाता है। दौरा समाप्त होते ही स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है।

मुख्यालय से गायब रहते हैं सब इंजीनियर

अंचलवासियों का कहना है कि डोंगरगांव लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारी और सब इंजीनियर अपने मुख्यालय में स्थायी रूप से नहीं रहते। नियमित निरीक्षण न होने के कारण निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और मरम्मत पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अधिकारी केवल किसी बड़े नेता या उच्चाधिकारी के दौरे के समय ही क्षेत्र में नजर आते हैं।

संकीर्ण और जर्जर पुलिया दे रही हादसे को न्योता

क्षेत्र की कई सड़कों पर छोटे-छोटे रपटे और बरसाती नाले मौजूद हैं, जो बारिश के दौरान उफान पर आ जाते हैं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। राहगीर जान जोखिम में डालकर इन्हें पार करने को मजबूर हैं।

इसके अलावा, भटगुणा पहुँच मार्ग स्थित सिंचाई विभाग की नहर पर बनी संकीर्ण पुलिया पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। इसके कभी भी दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी हुई है, लेकिन अब तक विभाग की नजर इस ओर नहीं पड़ी है।

ग्रामीणों ने की शीघ्र मरम्मत की मांग

क्षेत्र के ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि समय रहते सभी जर्जर सड़कों, गड्ढों और संकीर्ण पुल-पुलियों की मरम्मत कराई जाए, ताकि आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here