रायपुर/बिलासपुर: विधि (कानून) के क्षेत्र में रामटेके परिवार की एक और नई पीढ़ी ने अपना कदम रख दिया है। गौतमी रामटेके के अधिवक्ता बनने के उपलक्ष्य में परिवार की ओर से एक भव्य ‘गाउन एवं बैंड सेरेमनी’ का आयोजन किया गया। इस खास मौके पर परिजनों, समाजजनों एवं इष्ट-मित्रों ने बड़ी संख्या में शिरकत कर गौतमी को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गौतमी रामटेके के पिता लवकुमार रामटेके एवं माता दीपा रामटेके दोनों ही छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में कार्यरत हैं। माता-पिता के लंबे विधिक अनुभव और मार्गदर्शन के साथ गौतमी का भी अधिवक्ता के रूप में न्याय क्षेत्र में प्रवेश करना परिवार के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय बना हुआ है।
समारोह में परिवार के वरिष्ठ सदस्यों सहित दादी, नाना-नानी, मामा-मामी, मौसी, फूफा, भाई-बहन तथा समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने गौतमी के सफल एवं उज्ज्वल विधिक जीवन की मंगलकामना की।
इस अवसर पर परिजनों ने कहा कि यह केवल पारिवारिक खुशी का क्षण नहीं है, बल्कि युवाओं और नई पीढ़ी के लिए कानून के क्षेत्र में आगे बढ़ने का एक प्रेरणादायी उदाहरण भी है। वहीं, अपनी इस नई जिम्मेदारी पर खुशी व्यक्त करते हुए गौतमी ने न्याय, विधि और समाज के प्रति निष्ठापूर्वक सकारात्मक योगदान देने का संकल्प दोहराया। रामटेके परिवार के लिए यह आयोजन पारिवारिक परंपरा, उच्च शिक्षा और नई पीढ़ी के सपनों के सुंदर संगम का यादगार अवसर बन गया।



