Home छत्तीसगढ़ अवैध शराब नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा वार : डोंगरगढ़ में 9,600...

अवैध शराब नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा वार : डोंगरगढ़ में 9,600 बोतलें जब्त, दो और आरोपी गिरफ्तार…

57
0

डोंगरगढ़ (दावा)। नकली शराब लेबल, होलोग्राम एवं पैकेजिंग सामग्री से जुड़े प्रकरण में राजनांदगांव पुलिस ने अवैध शराब नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर 200 पेटी में 9,600 नग उत्तराखंड निर्मित रॉयल गोवा स्प्रिट अंग्रेजी शराब जब्त की है। शराब की मात्रा 1,728 बल्क लीटर बताई गई है। इस कार्रवाई के बाद प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढक़र 14 हो गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़ा कट्टी (27), निवासी मोहारा और रमाशंकर राजपूत उर्फ बाबा ठाकुर (55), निवासी वैशाली नगर, भिलाई शामिल हैं।

फार्महाउस से मिली 150 पेटी शराब
पुलिस ने रमाशंकर राजपूत की निशानदेही पर कचना, चौकी बिरेझर, जिला धमतरी स्थित फार्महाउस से 150 पेटी शराब बरामद की। इनमें 7,200 बोतलें थीं। वहीं महेन्द्र वर्मा की निशानदेही पर मोहारा में 50 पेटी यानी 2,400 बोतलें जब्त की गईं। प्रत्येक बोतल 180 एमएल की है। कार्रवाई में शराब के परिवहन और भंडारण में इस्तेमाल एक क्रेटा और एक ब्रेजा कार, साथ ही दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक जब्त सामग्री की कुल कीमत 19.05 लाख रुपए है।

सप्लाई चेन की जांच, दूसरे लोग भी रडार पर
पुलिस की एंड-टू-एंड विवेचना में शराब के स्रोत, परिवहन, भंडारण और वितरण से जुड़े नेटवर्क की कडय़िों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार रमाशंकर राजपूत द्वारा सहयोगियों के साथ शराब मंगाकर भंडारित करने और फिर सप्लाई किए जाने के तथ्य सामने आए हैं। वहीं महेन्द्र वर्मा द्वारा मोहारा क्षेत्र में बिक्री के लिए शराब प्राप्त करना सामने आया है। पुलिस जब्त मोबाइल फोन और वाहनों से मिले डिजिटल एवं तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है। इसके आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

14 आरोपी गिरफ्तार, कार्रवाई जारी
प्रकरण में धारा 34(2), 36, 49(क), 59(क) आबकारी अधिनियम तथा धारा 111, 336(3), 338, 340(2), 238, 61(2), 3(5) बीएनएस के तहत विवेचना जारी है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी केशरी नंदन नायक और डीएसपी साइबर/क्राइम सत्य प्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना डोंगरगढ़, पुलिस चौकी मोहारा और साइबर टीम द्वारा की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here