विद्युत तारों से टकराकर मकान पर धराशायी हुआ पेड़, मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त
राजनांदगांव (दावा)। शहर में पिछले दो दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के चलते स्टेशनपारा वार्ड क्रमांक 11 में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां लगातार बारिश और नमी के कारण एक विशालकाय बबूल का वृक्ष अचानक भरभराकर स्थानीय निवासी महेन्द्र बंसोड़ के मकान पर गिर पड़ा। गनीमत रही कि हादसे के समय मकान में किराए से रह रही महिला बाल-बाल बच गई, हालांकि मकान पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया है।
तत्परता से टली जनहानि
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जब पेड़ झुककर विद्युत तारों से टकराने लगा, तभी आसपास के सजग पड़ोसियों ने इसकी सूचना तत्काल मकान मालिक महेन्द्र बंसोड़ को दी। बंसोड़ ने बिना समय गंवाए फौरन विद्युत विभाग और पुलिस प्रशासन से संपर्क साधा। सूचना मिलते ही विद्युत अमले ने तत्परता दिखाते हुए क्षेत्र का विद्युत प्रवाह बंद कर दिया। यदि समय रहते बिजली सप्लाई बंद न की जाती, तो करंट फैलने से जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।
आवागमन बाधित, बिजली सप्लाई 3 घंटे ठप
विशाल पेड़ और बिजली के तारों के सडक़ पर गिरने से वार्ड की संबंधित गली में आवागमन पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति लगभग 3 घंटे तक बंद रही। हादसे के बाद विद्युत अमले और वार्डवासियों ने मिलकर पेड़ की टहनियों को हटाने और व्यवस्था को सुचारू करने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश के मौसम को देखते हुए शहर के रिहायशी इलाकों में स्थित अन्य जर्जर और खतरनाक पेड़ों की भी समय रहते छंटाई कराई जाए।

