लाल बहादुर नगर / डोंगरगढ़। ग्राम पंचायत (वर्तमान नगर पंचायत) की पूर्व सरपंच श्रीमती तुलसी सोनी एवं पूर्व उपसरपंच हीरा सोनी ने 15वें वित्त मद और पंचायत विकास निधि की बकाया राशि का भुगतान न होने पर शासन-प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। बकाया राशि का त्वरित भुगतान न होने की स्थिति में उन्होंने आगामी 7 अक्टूबर को तहसील कार्यालय में तालाबंदी करने की स्पष्ट चेतावनी दी है। इस संबंध में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया है।
क्या है पूरा मामला? प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती तुलसी सोनी एवं हीरा सोनी 11 फरवरी 2020 से जून 2024 तक पंचायत में पदस्थ रहे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने 15वें वित्त मद की राशि मिलने की प्रत्याशा में जनहित से जुड़े विभिन्न विकास कार्य कराए थे, जिनमें नाली निर्माण, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट रिपेयरिंग और पेयजल व्यवस्था शामिल है।
इसके अतिरिक्त, तत्कालीन प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में तहसील कार्यालय भवन का जीर्णोद्धार और पंचायत विकास निधि से 3 वाटर कूलर स्थापित किए गए थे। इन सभी निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन व पंचनामा तैयार कर जिला पंचायत राजनांदगांव को पूर्व में ही भेजा जा चुका है।
भुगतान न होने से वेंडर व मजदूर परेशान पूर्व सरपंच का आरोप है कि तहसील भवन जीर्णोद्धार मद के 5 लाख 75 हजार रुपये और वाटर कूलर के लगभग 1 लाख रुपये मिलाकर कुल पौने सात लाख रुपये से अधिक की राशि अब तक बकाया है। भुगतान में हो रही देरी के कारण सामग्री सप्लायर, मिस्त्री और मजदूर रोजाना उनके घर पहुंचकर पैसों की मांग कर रहे हैं। राशि न मिलने से लेनदार अब अभद्र व्यवहार पर उतर आए हैं, जिससे उनका पूरा परिवार मानसिक रूप से परेशान है।
7 दिन का दिया अल्टीमेटम पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन को चेताया है कि यदि 7 दिनों के भीतर बकाया राशि जारी नहीं की गई, तो 7 अक्टूबर 2026 को तहसील कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इस ज्ञापन की प्रतिलिपि डोंगरगांव विधायक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी (जिला पंचायत), पुलिस अधीक्षक एवं तहसीलदार (लाल बहादुर नगर) को भी अग्रिम कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है।



