Home छत्तीसगढ़ निर्माणाधीन जिला मुख्यालय पहुंच मार्ग में चलना आसान नहीं, रोज हो रही...

निर्माणाधीन जिला मुख्यालय पहुंच मार्ग में चलना आसान नहीं, रोज हो रही है दुर्घटना, तुमड़ीबोड़ मार्ग भी बदहाल…

15
0

० विभाग और जिला प्रशासन की अनदेखी और लापरवाही के चलते वाहन चालक हैं परेशान
० गड्ढों के कारण वाहनों में समय के नुक़सान से साथ लग रहा है अधिक ईंधन

डोंगरगांव (दावा)। शहर से जिला मुख्यालय राजनांदगांव के बीच सडक़ निर्माण कार्य में हो रही देरी के बीच अब डोंगरगांव-तुमड़ीबोड़ मार्ग की बदहाल स्थिति भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है. मुख्य मार्ग के निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन के लिए लंबे समय से असुविधा का सामना करना पड़ रहा है. वहीं तुमड़ीबोड़ की ओर जाने वाले मार्ग की स्थिति भी लगातार खराब होने से यह परेशानी और बढ़ गई है.
डोंगरगांव से तुमड़ीबोड़ मार्ग क्षेत्र के लिए राष्टीय राजमार्ग से महत्वपूर्ण संपर्क का रास्ता है. इस मार्ग से प्रतिदिन दोपहिया, चारपहिया सहित अन्य वाहनों की आवाजाही होती है.
इस सडक़ के कई हिस्सों में गड्ढे बन गए हैं तथा कुछ स्थानों पर सडक़ की ऊपरी परत भी उखड़ गई है. ऐसे में वाहन चालकों को गड्ढों से बचते बचाते हुए आवागमन करना पड़ रहा है, वहीं एक गलती से उनकी जान पर बन आती है.

बारिश के बाद स्थिति और चुनौतीपूर्ण
बारिश के दौरान सडक़ के गड्ढों में पानी जमा हो जाने से वाहन चालकों के लिए परेशानी और बढ़ गई है. पानी भरे गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने से दोपहिया वाहन चालक सडक़ दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं और गंभीर रूप से चोटिल हो रहे हैं. रात के समय पर्याप्त दृश्यता नहीं होने पर समस्या और गंभीर हो जाती है.

संबंधित विभाग और प्रशासन की अनदेखी
डोंगरगांव-राजनांदगांव मार्ग का निर्माण क्षेत्र के लोगों के लिए लंबे समय से महत्वपूर्ण विषय बना हुआ है. मुख्य मार्ग का निर्माण पूरा होने से डोंगरगांव और राजनांदगांव के बीच आवागमन को सुविधा मिलने की उम्मीद है लेकिन निर्माण में लगातार देरी के कारण लोगों को मौजूदा मार्गों पर निर्भर रहना पड़ रहा है. इधर दोनों मार्ग की खराब स्थिति को लेकर भी नागरिकों में शासन प्रशासन के प्रति आक्रोश भी बढ़ रहा है. लोगों का कहना है कि जब तक मुख्य मार्ग का निर्माण पूरा नहीं होता, तब तक वैकल्पिक और संपर्क मार्गों को कम से कम आवागमन योग्य स्थिति में रखना जरूरी है. इस मामले में संबंधित विभाग और जिला प्रशासन की अनदेखी और लापरवाही के चलते राहगीरों को अनावश्यक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

गड्ढों के कारण वाहनों में समय के नुक़सान से साथ लग रहा है अधिक ईंधन
सडक़ पर गड्ढों और खराब हिस्सों के कारण वाहन चालकों को बार-बार गति कम करनी पड़ती है. कई जगह सामने से वाहन आने पर सडक़ के सुरक्षित हिस्से से निकलने में भी परेशानी होती है. इससे आवागमन का समय बढऩे के साथ वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका भी बनी रहती है, वहीं समय खऱाब होने से साथ साथ ईंधन की खपत भी बढ़ गई है. विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों, बुजुर्गों और रोजाना इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों के लिए सडक़ की स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है. नागरिकों का कहना है कि सडक़ की मरम्मत नहीं होने पर आने वाले समय में समस्या और बढ़ सकती है. डोंगरगांव-तुमड़ीबोड़ मार्ग का निरीक्षण कर गड्ढों को भरने तथा आवश्यक स्थानों पर सडक़ की मरम्मत कराने की मांग की जा रही है. साथ ही डोंगरगांव-राजनांदगांव मुख्य मार्ग के निर्माण कार्य में तेजी लाकर उसे जल्द पूरा करने की मांग भी उठ रही है.

नागरिकों का कहना है कि मुख्य मार्ग के निर्माण में देरी और संपर्क मार्ग की बदहाली दोनों समस्याओं का असर सीधे आम लोगों के दैनिक आवागमन पर पड़ रहा है. ऐसे में संबंधित विभाग को प्राथमिकता के आधार पर दोनों मार्गों की स्थिति का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि डोंगरगांव-राजनांदगांव मुख्य मार्ग का निर्माण कब तक पूरा होता है और तब तक डोंगरगांव-तुमड़ीबोड़ मार्ग को आवागमन योग्य बनाने के लिए कब ठोस कदम उठाए जाते हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here