Home News आईजी अजय कुमार यादव ने किया केसीजी जिले का सघन दौरा :...

आईजी अजय कुमार यादव ने किया केसीजी जिले का सघन दौरा : पुलिस इकाइयों का निरीक्षण, परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर दिया कैश रिवॉर्ड…

31
0

0 पुलिस दरबार में सुनीं जवानों की समस्याएं, थाना छुईखदान में लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश
0 अपराध नियंत्रण, संवेदनशील जनसुनवाई और साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन पर आईजी का विशेष जोर


खैरागढ़। राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अजय कुमार यादव (आईपीएस) ने बुधवार, 30 सितंबर को जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) का विस्तृत दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रक्षित आरक्षी केंद्र (पुलिस लाइन), एसपी कार्यालय, मदराकुही स्थित नवीन पुलिस लाइन तथा छुईखदान थाने का निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था एवं प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा की। दौरे की शुरुआत में आईजी अजय कुमार यादव ने रक्षित आरक्षी केंद्र में आयोजित ड्रिल परेड का निरीक्षण किया। परेड में उत्कृष्ट और अनुशासित प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को उन्होंने मौके पर ही नकद पुरस्कार (कैश रिवॉर्ड) देकर पुरस्कृत किया। वहीं सुधार की गुंजाइश वाले जवानों को ड्रिल, अनुशासन और कार्यशैली को और अधिक दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसपी आईपीएस लक्ष्य शर्मा उपस्थित रहे।

परेड के उपरांत आईजी ने रक्षित केंद्र की विभिन्न शाखाओं, अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं का मुआयना किया। इसके बाद आयोजित पुलिस दरबार में उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों से सीधा संवाद कर उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने जवानों को टीम भावना और उच्च मनोबल के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
मदराकुही में दो प्रशिक्षण भवनों का अनावरण
पुलिस दरबार के बाद आईजी ने नवीन रक्षित आरक्षी केंद्र, मदराकुही का रुख किया। यहां उन्होंने नवनिर्मित दो प्रशिक्षण भवनों का अनावरण किया तथा निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। शेष कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए उन्होंने परिसर में पौधारोपण किया और जवानों को हरियाली व पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रोत्साहित किया।
एसपी कार्यालय व छुईखदान थाने का निरीक्षण
इसके पश्चात आईजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर पेंडिंग फाइलों व अभिलेखों का समयबद्ध निराकरण करने की हिदायत दी। अंत में थाना छुईखदान पहुंचे आईजी ने थाना परिसर, रोजनामचा, अपराध रजिस्टर, मर्ग एवं लंबित विवेचना कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। थाना पुलिस के अच्छे कार्यों की सराहना करते हुए आईजी ने लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण, विवेचना में गुणवत्ता, साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन और न्यायालयीन प्रकरणों में ठोस समन्वय पर विशेष बल दिया। उन्होंने जिले में सतत गश्त, प्रभावी पुलिसिंग और आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान कर जनता में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here