0 4 नई खदानों में भी शुरू होगा वैधानिक खनन, निर्माण कार्यों को मिलेगी गति
0 स्थानीय स्तर पर आपूर्ति बढऩे से परिवहन व्यय घटेगा, आम नागरिकों को उचित दर पर मिलेगी रेत
राजनांदगांव। जिले में रेत की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से आगामी 15 अक्टूबर से सभी रेत घाटों का विधिवत संचालन प्रारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही जिले में स्वीकृत चार नई रेत खदानों में भी वैधानिक रूप से रेत खनन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रशासन के इस कदम से जिले में लंबे समय से महसूस की जा रही रेत की किल्लत दूर होने की उम्मीद है।
उचित दर पर मिलेगी रेत, अतिरिक्त परिवहन खर्च से राहत
रेत घाटों और नई खदानों के व्यवस्थित व वैधानिक संचालन से स्थानीय स्तर पर रेत की आपूर्ति बढ़ेगी। इससे सरकारी व निजी निर्माण कार्यों के लिए जरूरी रेत की पूर्ति आसानी से हो सकेगी। अब तक दूसरे जिलों से रेत मंगाने पर आम नागरिकों और ठेकेदारों को भारी परिवहन व्यय वहन करना पड़ता था। जिससे अब बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय स्तर पर आपूर्ति सुचारू होने से आम जनता को किफायती व निर्धारित दरों पर रेत उपलब्ध हो सकेगी। जिससे निर्माण लागत को नियंत्रित रखने में भी मदद मिलेगी।
अवैध कारोबार पर लगेगा अंकुश, प्रशासन रखेगा कड़ी निगरानी
रेत घाटों के शुरू होने से अवैध उत्खनन और अवैध परिवहन के नेटवर्क पर सीधा प्रहार होगा। वैधानिक स्रोतों से पर्याप्त मात्रा में रेत उपलब्ध रहने के कारण नागरिकों को अवैध कारोबारियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खदानों और घाटों के संचालन के दौरान अवैध उत्खनन एवं ओवरलोडिंग जैसी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


