Home News गौरव पथ रोड स्थित राजगामी संपदा की भूमि से हटा अवैध कब्जा,...

गौरव पथ रोड स्थित राजगामी संपदा की भूमि से हटा अवैध कब्जा, प्रशासन ने कराया अतिक्रमणमुक्त…

19
0

राजनांदगांव। शहर के मुख्य गौरव पथ मार्ग पर स्थित राजगामी संपदा न्यास की बेशकीमती भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण पर जिला प्रशासन का बुलडोजर चला है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के कड़े निर्देश पर प्रशासनिक अमले ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजगामी संपदा की भूमि को बेजा कब्जे से मुक्त कराकर सुरक्षित कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौरव पथ रोड स्थित खसरा नंबर 211 एवं 218 की भूमि पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से लोहे व लकड़ी की घुमटियां (दुकानें) स्थापित कर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत प्रशासन को मिली थी। मामले को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल बेदखली के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर अपर कलेक्टर सी.एल. मारकण्डेय के नेतृत्व में राजस्व विभाग, राजगामी संपदा एवं नगर पालिक निगम की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।

प्रशासनिक टीम ने सख्त रुख अपनाते हुए स्थल पर रखी गई समस्त अवैध घुमटियों व अस्थायी ढांचों को मौके से हटा दिया और राजगामी संपदा की भूमि को पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त कराया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय एवं राजगामी संपदा न्यास की भूमि पर किए जाने वाले किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक एवं शासकीय भूमि पर बिना अनुमति के कब्जा या निर्माण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी निर्देशित किया है कि बेजा कब्जा हटने के बाद संबंधित स्थल की नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि दोबारा अतिक्रमण की पुनरावृत्ति न हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here