0 उपकरण पाकर भावविभोर हुए दिव्यांगजन, सजल नेत्रों से कहा— धन्यवाद महावीर
0 हितग्राही ही शिविर की आत्मा, उनके चेहरे की मुस्कान हमारी सबसे बड़ी सफलता : उप संचालक

शिविर ने लौटाया आत्मविश्वास : महापौर मधुसूदन यादव
समापन समारोह में मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम के महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि कृत्रिम अंग और उपकरण पाकर दिव्यांगजन भावविभोर हैं। उनके सजल नयन और चेहरे का संतोष ही इस पुनीत सेवा कार्य की सार्थकता है। संस्थाओं का यह प्रयास नर सेवा ही नारायण सेवा का जीवंत उदाहरण है।
राजनांदगांव। भारतीय जैन संघटना राजनांदगांव, भगवान महावीर दिव्यांग सहायता समिति (जयपुर, शाखा रायपुर) एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित त्रिदिवसीय विशाल उपकरण वितरण शिविर का गरिमामय समापन हुआ। जैन बगीचा में आयोजित इस तीन दिवसीय महासंगम में जिले भर से पहुंचे 650 से अधिक दिव्यांग महिला, पुरुष एवं बच्चों को कृत्रिम अंग (जयपुर फुट/हाथ) तथा जीवन सहायक उपकरण पूरी तरह नि:शुल्क वितरित किए गए। शिविर के दौरान भावुक और प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिले। कृत्रिम पैर पाकर चलने की उम्मीद छोड़ चुके लोग जब सिर पर गगरी रखकर दौडऩे लगे और कृत्रिम हाथ मिलने के बाद गर्व से हाथ मिलाने लगे, तो उपस्थित हर व्यक्ति की आंखें नम हो उठीं। यह उपकरण दिव्यांगजनों के जीवन में गतिशीलता और आत्मनिर्भरता लाने में मील का पत्थर साबित होंगे।
हुनर और गतिशीलता से बदलती है तकदीर : खूबचंद पारख
बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के पूर्व उपाध्यक्ष खूबचंद पारख ने कहा कि यदि दिव्यांगजनों के पैरों में गतिशीलता और हाथों में हुनर हो, तो वे हर विपरीत परिस्थिति को अपने अनुकूल बना सकते हैं। उन्होंने सेवाभावी संस्थाओं की इस मानवीय पहल की मुक्तकंठ से सराहना की।
चेहरे की मुस्कान ही हमारी सफलता : उप संचालक वैशाली मरडवार
समाज कल्याण विभाग की उप संचालक श्रीमती वैशाली मरडवार ने कहा कि किसी भी जनकल्याणकारी शिविर की असली आत्मा उसके हितग्राही होते हैं। उपकरण मिलने के बाद उनके चेहरे पर तैरने वाली मुस्कान ही प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की वास्तविक सफलता है। समारोह में आयोजक मंडल द्वारा जिले में दिव्यांगजनों के कल्याण हेतु सतत सक्रिय और कर्तव्यनिष्ठ उप संचालक श्रीमती वैशाली मरडवार का विशेष सम्मान किया गया। साथ ही तीन दिनों तक अनवरत सेवा देने वाले श्री व्यास जी को भी मंच से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी सचिन बघेल, समाजसेवी निखत परवीन खान, आस्था के सचिव श्री जैन, अभिलाषा के प्रशासक एवं राज्य सलाहकार (दिव्यांगजन) दिलीप श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, संस्था के पदाधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।



