Home छत्तीसगढ़ चिखली की बदहाली पर फूटा वार्डवासियों का गुस्सा, सडक़ पर पुतले रखकर...

चिखली की बदहाली पर फूटा वार्डवासियों का गुस्सा, सडक़ पर पुतले रखकर किया जोरदार चक्काजाम…

16
0

अवैध नशा, जर्जर सडक़-नाली, स्मार्ट मीटर व अधूरे अंडरब्रिज को लेकर फुटा आक्रोश, पाषदों से इस्तीफे की मांग

राजनांदगांव (दावा)। शहर के पटरी पार उपनगरीय क्षेत्र चिखली की बदहाल व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से त्रस्त वार्डवासियों का आक्रोश शुक्रवार को सडक़ पर फूट पड़ा। मूलभूत समस्याओं की अनदेखी से नाराज बड़ी संख्या में रहवासियों ने सडक़ पर उतरकर पुतले रखे और चक्काजाम कर दिया। हाथों में तख्तियां व पोस्टर लहराते हुए नागरिकों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस उग्र प्रदर्शन के चलते क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा और करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा।

अवैध नशाखोरी और बदहाल ढांचा बना मुसीबत
प्रदर्शनकारी नागरिकों ने आरोप लगाया कि चिखली क्षेत्र में गांजा और अवैध शराब का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है, जिसके कारण युवा पीढ़ी गर्त में जा रही है और घरों में आए दिन कलह व मारपीट की घटनाएं घट रही हैं। वार्ड की सडक़ें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं और गड्ढों के कारण आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। नालियों की नियमित सफाई न होने से बजबजाती गंदगी व दुर्गंध ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है।

अधूरे अंडरब्रिज और स्मार्ट मीटर से जनता त्रस्त
आक्रोशित लोगों ने तीन-चार वर्षों से अधूरे पड़े रेलवे अंडरब्रिज के निर्माण को लेकर भी कड़ी नाराजगी जताई। रहवासियों का कहना है कि अंडरब्रिज न बनने से आए दिन ओवरब्रिज पर भारी ट्रैफिक और सडक़ दुर्घटनाएं हो रही हैं। जिससे नागरिकों की जान जा रही है। इसके साथ ही घरों में लगाए गए स्मार्ट मीटरों से आ रहे भारी-भरकम बिजली बिलों पर भी लोगों का गुस्सा भडक़ा। नागरिकों ने बताया कि बिजली विभाग में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद उन्हें कोई राहत नहीं मिली।

कोई जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचा
वार्ड की निरंतर उपेक्षा से नाराज वार्डवासियों ने स्थानीय पार्षद के खिलाफ जमकर मोर्चा खोला और उनके इस्तीफे की पुरजोर मांग की। प्रदर्शनकारियों में इस बात को लेकर भी भारी रोष देखा गया कि डेढ़ घंटे तक चले इस बड़े आंदोलन के दौरान जनता की सुध लेने या उनकी समस्याएं सुनने एक भी जिम्मेदार जनप्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचा। शुक्रवार सुबह 10 से 11:30 बजे तक चिखली में देशमुख होटल चौक के समीप यह चक्काजाम आंदोलन चला। सूचना मिलते ही चौकी चिखली प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद्र मरई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित नागरिकों को समझाइश देकर शांत कराया और वाहनों की आवाजाही के लिए मार्ग प्रशस्त करते हुए यातायात को सुचारु कराया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here