Home छत्तीसगढ़ 25 फीट सडक़ चौड़ीकरण पर अड़े वार्डवासी, विरोध के फेर में 7...

25 फीट सडक़ चौड़ीकरण पर अड़े वार्डवासी, विरोध के फेर में 7 साल से अटका क्लब चौक मार्ग का कार्य…

30
0

राजनांदगांव (दावा)। शहर के बसंतपुर स्थित क्लब चौक मार्ग का चौड़ीकरण कार्य कतिपय तत्वों के विरोध के चलते एक बार फिर अधर में लटक गया है। कुछ लोगों के अड़ंगेबाजी वाले रुख के कारण निर्माण कार्य पूरी तरह उलझता नजर आ रहा है। सूत्रों के मुताबिक, मास्टर प्लान के तहत क्लब चौक को जोडऩे वाली इस सडक़ को 25 फीट चौड़ा किया जाना प्रस्तावित है, लेकिन मैदानी स्तर पर कहीं 18 फीट, कहीं 20 फीट तो कहीं 22 फीट चौड़ाई का पेंच फंस रहा है। इस विसंगति से उन वार्डवासियों में भारी रोष है। जिन्होंने 25 फीट चौड़ी सडक़ के निर्माण हेतु अपने घरों की बाउंड्रीवाल, आंगन और मकान के हिस्से स्वेच्छा से तोड़ दिए थे। उनका कहना है कि जब अधिकांश लोगों ने जमीन छोड़ दी, तो सडक़ की चौड़ाई कम करना कतई बर्दाश्त नहीं होगा। वहीं दूसरी ओर, कुछ लोग इस मामले को लेकर न्यायालय की शरण में चले गए हैं और जमीन के बदले मुआवजे की मांग कर रहे हैं। जिससे यह पूरा मामला खासा पेचीदा हो गया है।

नाप-जोख करने गए निगम कर्मियों से अभद्रता, झूमाझटकी का वीडियो वायरल
बसंतपुर के वार्ड क्रमांक 42 एवं 43 में सडक़ की स्वीकृत चौड़ाई, तकनीकी ड्राइंग और सीमांकन को लेकर पहले से चल रहे विवाद के बीच नगर निगम का तकनीकी अमला जांच-पड़ताल और नाप-जोख करने मौके पर पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वहां कुछ लोगों ने निगम कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और देख लेने की धमकी दी। बात इतनी बढ़ गई कि एक व्यक्ति ने कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर झूमाझटकी और हाथापाई तक कर दी। जिससे एक निगम कर्मी को चोट आने की भी खबर है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो कुछ स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया है। जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

7 वर्षों से लंबित है सडक़ चौड़ीकरण का मामला
सडक़ चौड़ीकरण का यह विवाद वार्ड 42 के पूर्व पार्षद देवशरण सेन और वार्ड 43 के पूर्व पार्षद दीपक यादव के कार्यकाल से ही चला आ रहा है। मामले में वार्ड क्रमांक 42 के पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री ने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्षेत्र के करीब 30 परिवारों को 25 फीट चौड़ी सडक़ के लिए अपने मकान व जमीन के हिस्से देने के लिए राजी कर लिया गया था। अधिकांश लोगों ने नगर विकास के लिए सहमति भी दे दी, लेकिन मात्र दो-चार लोगों के निजी स्वार्थ व विरोध के चलते पिछले 7 वर्षों से यह महत्वपूर्ण सडक़ विवादों में अटकी पड़ी है।

विकास के लिए जमीन देने वाले रह रहे किराए के मकान में
ऋषि शास्त्री ने बताया कि सडक़ चौड़ीकरण का समर्थन करने वाले कुछ परिवारों ने नगर के विकास के लिए अपनी पैतृक जमीन तक छोड़ दी, जिसके कारण वर्तमान में 3 से 4 परिवार किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने इन नागरिकों के त्याग और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि निगम प्रशासन को अब कड़ा रुख अख्तियार करना चाहिए। वार्डवासियों का कहना है कि नगर निगम प्रशासन को क्लब चौक क्षेत्र में 25 फीट सडक़ चौड़ीकरण का समर्थन करने वाले बहुसंख्यक नागरिकों को साथ लेकर, अड़ंगा डालने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए अविलंब निर्माण कार्य प्रारंभ कराना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here