राजनांदगांव (दावा)। शहरवासियों को स्वच्छ व शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम द्वारा सीमाक्षेत्र की सभी पानी टंकियों की चरणबद्ध सफाई कराई जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार, 3 अक्टूबर को 10 लाख लीटर क्षमता वाली शंकरपुर स्थित उच्च स्तरीय जलागार (पानी टंकी) की सफाई की जाएगी। टंकी की सफाई कार्य के चलते जलागार को भरा नहीं जा सकेगा, जिसके परिणामस्वरूप शनिवार शाम को संबंधित क्षेत्रों में नलों से जलापूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी। 4 अक्टूबर रविवार की सुबह से पेयजल आपूर्ति पूर्ववत सुचारु कर दी जाएगी।
हर छह माह में कराई जाती है टंकियों की सफाई : आयुक्त
पानी टंकियों की सफाई व्यवस्था के संबंध में जानकारी देते हुए नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने बताया कि नागरिकों के स्वास्थ्य और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर छह माह के अंतराल में निगम क्षेत्र की सभी टंकियों की नियमित सफाई कराई जाती है। बरसात के मौसम में दूषित जल जनित बीमारियों से बचाव और स्वच्छ जल प्रदाय के लिए महापौर मधुसूदन यादव के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त ने बताया कि इससे पूर्व शंकरपुर टंकी की सफाई 17 जनवरी को कराई गई थी। निर्धारित समयावधि पूर्ण होने पर अब 3 अक्टूबर को पुन: इसकी गहन सफाई की जा रही है।
ये क्षेत्र रहेंगे प्रभावित
शंकरपुर टंकी (क्षमता 10.00 लाख लीटर) से जुड़े निम्नलिखित इलाकों में 3 अक्टूबर शनिवार की शाम को पेयजल प्रदाय नहीं होगा। जिसमें शंकरपुर, शांतिनगर, चिखली (वार्ड क्रमांक 6), पुराना ढ़ाबा, रामनगर व शिक्षक नगर आदि क्षेत्र है। निगम आयुक्त ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए सहयोग की अपील की है। साथ ही नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे आवश्यकतानुसार पर्याप्त मात्रा में पानी का पूर्व भंडारण कर लें। रविवार सुबह से सभी प्रभावित वार्डों में नियमित समय पर सुचारु रूप से पानी की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।


