नगर पालिका और पीएचई के खींचतान में नागरिकों की आफत
डोंगरगांव (दावा)। नगर पालिका के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 5 के सेवतापारा, कंडरापारा, कुम्हार पारा, सहित अन्य वार्ड के सदर लाईन के कुछ क्षेत्र में नाली का पानी पाईप के माध्यम से घरों तक पहुंच रहा है और यह समस्या विगत कई दिनों से बनी हुई है।
इस बात की शिकायत वार्डवासियों ने संबंधित पार्षद व अन्य लोगों से भी की है। वहीं जनप्रतिनिधियों ने इसकी जानकारी नगर पालिका के अधिकारी व कर्मचारियों को भी है, लेकिन आज तक इस समस्या का समाधान आज पर्यन्त नहीं हो पाया है। सुबह और शाम को नल खुलने के समय पानी साफ हो जाता है, लेकिन उसके बाद पाईप में नाली के पास पाईप लाईन होने के कारण लीकेज के चलते पाईप में नाली का पानी जमा हो रहा है, जो आमजनों के लिए आफत बन गया है। नाली का गंदा पानी की मात्रा घरों के बर्तन और वहां से शरीर मे पहुंचकर तबियत भी बिगाड़ रहा है। वहीं कुछ वार्डों में पीने के पानी में इल्ली आने की भी खबर है। इस मामले में नगर पालिका के नल कर्मियों से जानकारी ली गई तो पता चला कि सेवतापारा के दुर्गा मंदिर से शनि मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते में पाईप लाईन लीकेज है और यह लीकेज कई महीनों से है। यह पाईप लाईन पीएचई की बताई जा रही है। पाईप लाईन में सुधार नहीं होने की स्थिति में जब पड़ताल की गई तो पता चला कि नगर पालिका से करीब डेढ़ माह पहले पीएचई विभाग को पत्र भी दिया गया है। वहीं जब इस संबंध में गुरुवार 1 अक्टूबर को पीएचई के एसडीओ वी.के. सिंग से चर्चा की गई तो उन्होंने अपने कर्मचारियों से जानकारी ली और बताया कि लीकेज को आज ही देखकर जल्द ही बना दिया जाएगा।



