Home समाचार 90 करोड़ की लागत से बन रही सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे:...

90 करोड़ की लागत से बन रही सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे: धूल और खड्डों से राहगीर पस्त, हादसों का खतरा बढ़ा…

24
0

(यतेन्द्र जीत सिंह छोटू, ब्यूरो चीफ – खैरागढ़)

खैरागढ़। करीब 90 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से निर्माणाधीन राजनांदगांव-खैरागढ़ मुख्य मार्ग इन दिनों राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है और पूरी सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे नजर आ रहे हैं, जिससे इस मार्ग पर सफर करना जोखिम भरा हो गया है।

गौरतलब है कि इस व्यस्त मार्ग से प्रतिदिन हजारों की संख्या में भारी वाहन, बसें, चारपहिया और दुपहिया वाहन गुजरते हैं। महाराष्ट्र और डोंगरगढ़ की ओर आवाजाही करने वालों के लिए भी यह प्रमुख मार्ग है। निर्माण कार्य की कछुआ चाल और सड़क की बदहाली के कारण न केवल वाहन चालक, बल्कि स्थानीय ग्रामीण और दुकानदार भी बुरी तरह परेशान हैं।

पहली ही बारिश में उखड़ा डामर, बढ़ईटोला के पास स्थिति गंभीर

मानसून के दौरान लंबे समय तक निर्माण कार्य ठप्प पड़ा रहा। हाल ही में काम दोबारा शुरू तो हुआ, लेकिन खैरागढ़ से बढ़ईटोला तक का हिस्सा सबसे ज्यादा खस्ताहाल है। कई जगह सिर्फ गिट्टी बिछाकर छोड़ दी गई है, वहीं जहां डामरीकरण हुआ था, वहां पहली ही बारिश में डामर उखड़ गया और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।

पानी का छिड़काव नहीं, उड़ रहा धूल का गुबार

सड़क निर्माण के दौरान नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है। भारी वाहनों के गुजरते ही धूल का गुबार उठने लगता है, जिससे दृश्यता (विजिबिलिटी) बेहद कम हो जाती है और सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। इससे हर वक्त गंभीर सड़क हादसे का अंदेशा बना रहता है। धूल के कारण आसपास के दुकानदारों, रहवासियों और रोजाना आने-जाने वाले स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर भी विपरीत असर पड़ रहा है।

नियमित पानी छिड़काव और सड़क मरम्मत की मांग

स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों और दुकानदारों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक सड़क पर रोजाना नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए ताकि धूल से राहत मिल सके। अब देखना यह होगा कि शासन-प्रशासन इस जनकायदे से जुड़े मुद्दे को कब गंभीरता से लेता है और ठेकेदार पर नकेल कसता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here