क्वांर नवरात्रि में बंसंतपुर गंज मंडी में लोगों की उमड़ेगी भीड़, भगवान श्री राम लला के होंगे दर्शन
राजनांदगांव (दावा)। शहर सहित पूरे अंचल भर क्वांर नवरात्रि की तैयारियां शुरू हो गई है। शहर के बंसंतपुर स्थित गंज मंडी में इस बार अयोध्या के श्रीराम लला मंदिर का नजारा दिखाया जा रहा है। कलकत्ता के कलाकार ने श्री राम लला मंदिर का हूबहू ढांचा लगभग तैयार कर लिया है। मंडी में आड़त का काम करने वाले घनश्याम शर्मा ने बताया कि क्वांर नवरात्रि के अवसर पर पिछले बार की तरह इस बार भी श्रद्धालुओ की भीड़ उमड़ेगी। बता दें कि गत वर्ष नवरात्रि पर्व पर गंज मंडी में मां दुर्गा स्थापना के दौरान केदारनाथ गुफा का भव्य एवं मनोहारी दृश्य दिखाया गया है। जिसे देखने रोजाना हजारों की संख्या में भीड़ उमड़ती थी। भगवान शिव की शिला आकर्षण का केंद्र बना हुआ था। जिसमें श्रद्धालु जन शीश नवाते और दान-दक्षिणा करते हुए श्रद्धा के फूल चढ़ाते थे। इस बार लोगों की उमडऩे वाली भीड़ को देखते हुए सामने के प्रवेश द्वार वाले गेट को बाजू में बनाया गया है।
नवरात्रि के नौ दिनों तक होगा भंडारे का आयोजन
मंडी सचिव पंचराम वर्मा ने बताया कि इस बार बंसंतपुर गंज मंडी में अयोध्या के श्रीराम मंदिर का दर्शन झांकी के माध्यम से होगा। इसके लिए पूरे नौ दिनों तक भंडारे भी होंगे। उन्होंने बताया कि 11 अक्टूबर से नवरात्र प्रारंभ होने के दिन से ही श्रीराम लला मंदिर झांकी का दर्शन हो सकेंगे। झांकी लगभग बन कर तैयार हो। कलकत्ता के कारीगरों ने दिन रात एक कर अयोध्या के श्री राम लला मंदिर की झांकी तैयार की है।
सचिव वर्मा ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी गंज मंडी में दुर्गोत्सव पर्व की व्यापक एवं भव्य तैयारियां की गई है। झांकी के अंदर परिसर से लेकर बाहर तक रंगीन विद्युत झालरों से मंडी को सजाया गया है। वहीं लोगों की उमडऩे वाली भीड़ को देखते हुए पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने पिछले वर्ष बनाई गई केदारनाथ गुफा दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ की भी चर्चा की और बताया कि मंडी में नवरात्रि अवसर पर दुर्गा पूजा व बनाई जाने वाली झांकी आकर्षण का विषय बनता जा रहा है जिसे देखने शहरवासियों सहित आसपास के गांव-देहात के लोगों की भीड़ उमड़ती है।



