तीन नाबालिग सहित छह गिरफ्तार, 2.70 लाख के सामान बरामद
राजनांदगांव(दावा)। अंबागढ़ क्षेत्र में सिलसिलेवार हो रही चोरी की घटनाओं में शामिल एक नाबालिग सहित छह लोगों को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लैपटाप, पंखे, पलंग, कूलर सहित दो लाख ७० हजार रूपए के सभी सामानों को बरामद कर लिया है। चोरों ने ग्राम छछानपाहरी, गौलीटोला के सरकारी स्कूल, हाथीकन्हार के स्वास्थ्य केन्द्र और कोटरा के पंचायत भवन को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में पखवाड़े भर से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी डी. श्रवण के मार्गदर्शन में अज्ञात चोरों की धरपकड़ के लिए टीम बनाकर घटना स्थलों का बारीकी से मुआयना करने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही थी। इसके लिए मुखबीर भी तैनात किए गए थे। उस बीच मुखबीर से सूचना मिली कि कुछ लोग अपने सामान को कम दाम पर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। इस आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तब उनके द्वारा अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया गया।
पुलिस के मुताबिक चोरों ने ग्राम छछानपाहरी, गौलीटोला के सरकारी स्कूल, हाथीकन्हार के स्वास्थ्य केन्द्र और कोटरा के पंचायत भवन को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। आरापी खिलेश्वर पिता बसंत निर्मलकर उम्र २६ साल निवासी गोर्राटोला, नीरज पिता राजकुमार निषाद १९ साल निवासी आमापारा वार्ड नंबर पांच अंबागढ़ चौकी और विवेक उर्फ गोलू पिता हेमचंद निषाद निवासी ग्राम सिरमुंदा थाना अंबागढ़ चौकी द्वारा अपने तीन नाबालिग साथियों के साथ चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया गया। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसायकिलों को भी बरामद किया गया है।
चोरों से इन सामानों की हुई जप्ती : पुलिस सूत्रों के अनुसार चोरों ने छछानपाहरी के सरकारी स्कूल से सिलिंग फेन, एग्झास्ट फेन, लेपटाप, प्रोजेक्टर दो नग, डी-लिंग, टीएफटी १९.५ सर्वर एचपी, स्कूल सर्वर ०१एचपी, एक्सेस पाइंट डी-लिंग कुल कीमत एक लाख ८५ हजार रूपए, ग्राम हाथीकन्हार के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से सिलिंग फेन चार नगर कीमत तीन हजार रूपए, एक कूलर कीमत दो हजार रूपए, कपड़े का परदा दो नगर कीमत पांच सौ रूपए, गद्दा लगा हुआ पलंग कीमत १५०० रूपए कुल कीमत सात हजार रूपए, कोटरा के ग्राम पंचायत भवन से एक नग गैस सिलेंडर, सिलिंग फेन, १० नग एंगल, गोबर तौलने वाला इलेक्ट्रानिक तराजू कुल कीमत १४ हजार ८०० रूपए, गौलीटोला के मीडिल स्कूल से सात नग पंखा, विज्ञान किट, स्टील थाली पांच नग, पांच नगर गिलास, प्रायमरी स्कूल से चार नग पंखा, एक दीवाल घड़ी कुल कीमत छह हजार रूपए की चोरी की थी। इन सभी सामानों को चोरों के कब्जे से बरामद कर लिया गया है। चोरों के द्वारा रात के अंधेरे का फायदा उठाकर ताला को तोडक़र घटना को अंजाम दिया गया था। इस कार्यवाही में अंबागढ़ चौकी थाना प्रभारी आशीर्वाद रहटगांवकर, एएसआई श्याम ठावरे, एएसआई जीएस किरंगे, प्रधान आरक्षक उमेश यादव, जनक लाल उमरिया, आरक्षक मुकेश ठाकुर, सुनील सिंह, विजय कुर्रे शामिल थे।



