केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी करेंगे पुरस्कारों का वितरण; वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खदानें होंगी सम्मानित
रायपुर । देश में कोयला एवं लिग्नाइट खनन क्षेत्र में वैज्ञानिक प्रबंधन, परिचालन दक्षता, सुरक्षा और सतत विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से केंद्रीय कोयला मंत्रालय द्वारा 2 नवंबर 2026 को रायपुर में स्टार रेटिंग पुरस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में आकलन वर्ष 2024-25 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कोयला एवं लिग्नाइट खदानों को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और पुरस्कारों का वितरण करेंगे। केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे विशिष्ट अतिथि होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर कोयला मंत्रालय के सचिव श्री विक्रम देव दत्त, अपर सचिव सनोझ कुमार झा सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि तथा राज्य सरकारों के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
कोयला खदानों के लिए लागू स्टार रेटिंग नीति के अंतर्गत खदानों के प्रदर्शन के मूल्यांकन के लिए एक व्यापक एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था निर्धारित की गई है। इसके तहत परिचालन दक्षता, आधुनिक तकनीक का उपयोग, व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, पर्यावरण प्रबंधन, सतत विकास, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना तथा स्थानीय समुदायों के कल्याण के लिए किए गए प्रयासों सहित विभिन्न मानकों पर खदानों के प्रदर्शन का आकलन किया जाता है। कोयला नियंत्रक संगठन द्वारा नियुक्त समीक्षकों के माध्यम से पारदर्शी प्रक्रिया और निर्धारित मानकों के अनुरूप खदानों का मूल्यांकन एवं सत्यापन किया जाता है। इसके आधार पर खदानों को पांच स्टार से लेकर शून्य स्टार तक की रेटिंग प्रदान की जाती है। आकलन वर्ष 2024-25 में निर्धारित मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खदानों को समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।
यह पुरस्कार योजना खनन क्षेत्र में वैज्ञानिक, सुरक्षित, कुशल और पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी कार्यप्रणालियों को बढ़ावा देने की दिशा में केंद्र सरकार के प्रयासों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसका उद्देश्य देश की ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक विकास में कोयला क्षेत्र के योगदान को और सुदृढ़ करना है। प्रदर्शन आधारित इस पारदर्शी मूल्यांकन व्यवस्था से खनन कंपनियों को परिचालन मानकों में निरंतर सुधार, पर्यावरण संरक्षण के उपायों को मजबूत करने तथा खनन के संपूर्ण जीवनचक्र में सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलता है। साथ ही, यह व्यवस्था खनन क्षेत्र में नवाचार, दक्षता और टिकाऊ विकास को बढ़ावा देने के लिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण तैयार करती है।
रायपुर में आयोजित यह समारोह जिम्मेदार खनन, संसाधनों के कुशल उपयोग, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली खदानों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान एवं सम्मान प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।



