Home samachar आज पुष्य नक्षत्र से दमकेगा बाजार, दीवाली खरीदारी का रहेगा जोर…

आज पुष्य नक्षत्र से दमकेगा बाजार, दीवाली खरीदारी का रहेगा जोर…

9

सर्राफा बाजार, इलेक्ट्रॉनिक व आटोमोबाइल आदि सेक्टरों में उमड़ेगी भीड़

राजनांदगांव (दावा)। अर्नब तूफान का संकट हटते ही आम जीवन में आए ठहराव ने दीपावली की तैयारियों के लिए मौसम को अनुकूल कर दिया। बाजार में त्यौहारी खरीदी के लिए चहल-पहल बढ़ गई है। आज पुष्य नक्षत्र पर तो शुभ खरीदी के चलते शहर का बाजार दमकने लगेगा। पुष्य नक्षत्र की शुभ खरीदी के लिए व्यापारियों द्वारा अच्छी तैयारी कर ली गई है। सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की दुकानो से लेकर आटोमोबाइल, कपड़ा, बर्तन व इलेक्ट्रॉनिक बाजार में ग्राहको को लुभाने के लिए आकर्षक आफर पेश किए जा रहे हैं। आज 1 नवंबर रविवार को चुंकि पुष्य नक्षत्र है जिसे खरीदी के लिए शुभ दिन माना जाता है और वह भी रवि के साथ पुष्य नक्षत्र का योग बन रहा है साथ ही सर्वार्थ सिद्धि योग का महासंयोग बना हुआ है इसलिए आज के दिन शुभ खरीदी की महत्ता और भी कई गुना बढ़ गई है। दूसरी ओर सोने-चांदी के दामों में आई गिरावट ने भी लोगों का ध्यान आज पुष्य योग पर इन महंगी धातु की खरीदी की ओर ध्यान आकर्षित किया है।

शहर का नवीनतम शो रुम महावीर ज्वेलर्स के युवा संचालक रिषभ गोलछा ने बताया कि सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट आई है। इससे लोग पुष्प नक्षत्र की शुभ खरीदी हो या धनतेरस की खरीदी में लोग कुछ न कुछ सोने-चांदी के गहने जरुर खरीदेंगे। कई महिनों से सर्राफा बाजार में छाई सुस्ती पुष्य नक्षत्र की खरीदारी के साथ टुटेगी। आशीष ज्वेलर्स के संचालक एवं युवा पार्षद जैनम बैद बताया कि पिछले दीवाली के बाद में डल्ला चांदी 4 लाख के लगभग थी अभी 1 लाख ८१ हजार के लगभग है। इसी तरह 24 कैरेट का सोने का आभूषण 1 लाख 41 हजार पर आ गया है। पुष्प नक्षत्र से धनतेरस की खरीदी तक सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी को लेकर ज्वेलरी कारोबारियों में खासा उल्लास बना हुआ है। सोने-चांदी के आभूषण खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए दुकानदार विशेष आफर और आकर्षक डिजाइन के आभूषणों के साथ तैयार है। पुष्य नक्षत्र की खरीदारी के लिए सोने-चांदी के व्यवसायियों द्वारा ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए मेकिंग चार्ज में छूट, विशेष कीमतों या अन्य लाभों की भी पेशकश की जा सकती है।

आटोमोबाइल सेक्टर में रहेगा बूम
अंशदीप होण्डा के संचालक सुरेन्द्रर सिंह बग्गा ने बताया कि आटोमोबाइल सेक्टर में नए फीचर्स और अलग-अलग वैरायटी वाली कारों, दोपहिया वाहनों तथा इलेक्ट्रॉनिक वाहनों का स्टाक मंगवाया गया है। वहीं इलेक्ट्रॉनिक और मोबाइल बाजार में भी कंपनियों ने नए माडल लांच किए हैं। ई-रिक्शा के संचालक अमर ललवानी ने बताया कि रवि पुष्य नक्षत्र व धनतेरस में ई-रिक्शा की शुभ खरीदी पर ग्राहकों को 5 से 10 हजार रुपए की छूट दी जा रही है। इसके चलते ग्राहकों द्वारा ई-रिक्शा खरीदी के लिए पहले से ही बुकिंग करा ली जा रही है। बहरहाल आज सुबह से देर शाम रात्रि तक रवि पुष्य नक्षत्र में शुभ खरीदी का योग बना हुआ है उस पर सर्वार्थ सिद्धि योग का महासंयोग बनने से शुभ खरीदी करने वाले ग्राहक दुकानदारों की ओर से दिए जा रहे आकर्षक आफर का लाभ ग्राहक उठाने के लिए तैयार बने हुए है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here