Home samachar भाजपा ओबीसी मोर्चा की परिचयात्मक बैठक संपन्न, बूथ स्तर तक संगठन को...

भाजपा ओबीसी मोर्चा की परिचयात्मक बैठक संपन्न, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर दिया जोर…

19

केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लिया संकल्प आगामी विधानसभा व नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों ने किया मंथन

खैरागढ़ (दावा)। जिला भाजपा कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा की परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, ओबीसी समाज की राजनीतिक एवं सामाजिक भागीदारी बढ़ाने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही आगामी विधानसभा और नगरीय निकाय चुनावों की संगठनात्मक तैयारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

खैरागढ़ में भाजपा विधायक बनाना संगठन की प्राथमिकता : राजेन्द्र जायसवाल
बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए दुर्ग संभाग भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रभारी राजेन्द्र जायसवाल ने कहा कि किसी भी विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अपनी पार्टी का विधायक होना बेहद महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने सरगुजा संभाग का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां किसान कृषि क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहे हैं, इसी तर्ज पर खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के किसानों को भी आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास होने चाहिए। उन्होंने कहा कि आगामी समय में खैरागढ़ में भाजपा का विधायक बनाना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, जिसके लिए कार्यकर्ताओं को अभी से बूथ स्तर तक एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने 21 क्विंटल धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को भी अंतर की राशि देने की सरकारी घोषणा को किसान हितैषी कदम बताया।

सरकार की किसान हितैषी नीतियों से मिली बड़ी राहत : विक्रांत सिंह
आभार प्रदर्शन करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि भाजपा ओबीसी मोर्चा अपनी सक्रिय गतिविधियों से समाज और संगठन के बीच मजबूत कड़ी का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 21 क्विंटल धान नहीं बेच पाने की स्थिति में भी अंतर की राशि देने का निर्णय किसानों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शासन की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यकर्ताओं की पार्टी है भाजपा : तुलसी साहू
दुर्ग संभाग भाजपा सहप्रभारी तुलसी साहू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

आपसी समन्वय और विचारधारा को मजबूत करने का आह्वान : राजकुमार जंघेल
स्वागत भाषण में भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजकुमार जंघेल ने बैठक के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह आयोजन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह के मार्गदर्शन में क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं और कृषक उन्नति योजना के विस्तार से बड़ी संख्या में किसानों को लाभ मिल रहा है। बैठक में ओबीसी मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मला यादव, घम्मन साहू, कोमल जंघेल, खम्हन ताम्रकार, मनोहर साहू, गणेश वर्मा, दीनदयाल सिन्हा, अशोक पाल, लेखराम साहू, गोरेलाल वर्मा, सहित बड़ी संख्या में मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here