यश कुमार साहू व त्रियांश राज ने प्रभावशाली वक्तृत्व से जीता निर्णायकों का दिल, रॉयल किड्स कॉन्वेंट को मिला तृतीय स्थान
राजनांदगांव (दावा)। विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, तार्किक चिंतन और प्रभावी संवाद कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संस्कार सिटी स्कूल द्वारा आयोजित अंतर-विद्यालयीन अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता में डॉ. जे.बी. सिंह मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रतियोगिता का विषय ‘होमवर्क एंड मेंटल हेल्थ’ रहा। जिस पर प्रतिभागियों ने वर्तमान शैक्षणिक परिवेश में अध्ययन, समय प्रबंधन और मानसिक संतुलन से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं को उजागर किया। प्रतियोगिता में डॉ. जे.बी. सिंह मेमोरियल स्कूल के प्रतिभाशाली विद्यार्थी यश कुमार साहू और त्रियांश राज ने अपनी सशक्त तर्कशक्ति, विषय की गहन समझ व आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित कर प्रथम स्थान अर्जित किया। वहीं, रॉयल किड्स कॉन्वेंट स्कूल की प्रियांशी स्वर्णकार और परिधि जैन ने सराहनीय प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान हासिल किया।
वाद-विवाद के दौरान प्रतिभागियों ने गृहकार्य (होमवर्क) से विकसित होने वाले अनुशासन, नियमितता व स्वाध्याय की आदत के साथ-साथ अत्यधिक शैक्षणिक दबाव से मानसिक स्वास्थ्य पर पडऩे वाले प्रभावों को तार्किक और तथ्यपरक ढंग से रखा। विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल अकादमिक उपलब्धियां हासिल करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक विकास को भी समान महत्व देना है।
प्राचार्या व संचालक मंडल ने दी बधाई
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती एकता खंडेलवाल ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वाद-विवाद जैसी गतिविधियां बच्चों में स्वतंत्र चिंतन और नेतृत्व क्षमता विकसित करती हैं। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय के संचालक मंडल की अध्यक्षा श्रीमती सविता जे.बी. सिंह, उपाध्यक्ष अशोक चौधरी, प्रशासक संजय बहादुर सिंह, सावंत बहादुर सिंह, जन्मेजय बहादुर सिंह, श्रेयांश बहादुर सिंह, राहुल देव चौधरी, श्रीमती मनीषा सिंह, श्रीमती पूजा सिंह, श्रीमती जाह्नवी सिंह, श्रीमती इला सिंह, इंद्र कुमार वैष्णव एवं एकेडमिक डायरेक्टर अभिषेक खंडेलवाल सहित समस्त विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




