महिलाओं के भजन-कीर्तन और दुबई से आईं अंशुल जैन के भक्तिमय नृत्य ने मोहा मनद्व पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना, पूर्व महापौर हेमा देशमुख सहित शहर के प्रबुद्धजन हुए शामिल
राजनांदगांव (दावा)। गोपाष्टमी के ठीक दूसरे दिन समाजसेवी महिलाओं की अग्रणी संस्था कस्तूरबा महिला मंडल द्वारा स्थानीय कस्तूरबा भवन में अन्नकूट महोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला को स्मरण करते हुए आयोजित इस धार्मिक समारोह में पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना, वरिष्ठ समाजसेवी एवं अधिवक्ता श्रीमती शारदा तिवारी, पूर्व महापौर श्रीमती हेमा देशमुख, वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक दीपक बुद्धदेव तथा वरिष्ठ किसान नेता व समाजसेवी अशोक चौधरी विशेष रूप से शामिल हुए। पंडित मोहन शास्त्री के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अतिथियों एवं मंडल की सदस्यों ने भगवान बांके बिहारी को 56 भोग अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की।
‘जय गोपाल-जय कन्हैया लाल’ के भजनों से गूंजा परिसर
महोत्सव का शुभारंभ मंडल की प्रमुख महिलाओं श्रीमती सरस्वती माहेश्वरी, शारदा तिवारी, साधना तिवारी, हेमा देशमुख, आशा गुप्ता एवं शोभारानी चौरसिया आदि द्वारा शंख ध्वनि और महाआरती के साथ हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार दीपक बुद्धदेव ने ‘जय-जय श्री गोपाल व जय कन्हैया लाल की’ भजन प्रस्तुत कर समां बांध दिया। वहीं, पूर्व महापौर श्रीमती हेमा देशमुख ने दुर्वासा ऋषि द्वारा द्रौपदी को अन्नपूर्णा घट प्रदान किए जाने की पावन कथा सुनाई। डॉ. पुखराज बाफना और अशोक चौधरी ने सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में अर्चना बाजपेई ने काव्य पाठ किया तथा गायिका प्रज्ञा गुप्ता ने सुमधुर कृष्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
राधारानी और मीरा के प्रेम भाव पर आधारित नृत्य रहा आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दुबई से पधारीं सुश्री अंशुल जैन की श्रीकृष्ण भक्ति से ओत-प्रोत मनोहारी नृत्य प्रस्तुति रही। उनके नृत्य में राधारानी और मीराबाई के निश्छल कृष्ण प्रेम की झलक देखकर उपस्थित जनसमूह मंत्रमुग्ध हो गया। कस्तूरबा महिला मंडल की संरक्षिका श्रीमती शारदा तिवारी ने कहा कि जिसने बांके बिहारी को पा लिया। उसने मानो सब कुछ पा लिया। क्योंकि श्रीकृष्ण ही इस सृष्टि के आधार हैं।
इस दौरान श्रीमती विद्या पांडे, अनीता जैन, माया अग्रवाल, टीना खंडेलवाल, उषा मिश्रा, जनक बाई गुप्ता, मौसमी शर्मा, ममता व सरिता शर्मा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों की महिलाओं ने ढोलक की थाप पर ‘पुरी के भगवान जगन्नाथ, चकानाथ, नीलांचल वाले’ आदि पारंपरिक भजनों का सामूहिक गान किया। अतिथियों का स्वागत कस्तूरबा विद्यालय के प्राचार्य प्रवीण गुप्ता व व्यवस्थापक सीताराम वैष्णव ने किया। आभार प्रदर्शन सचिव श्रीमती साधना तिवारी तथा महाप्रसादी वितरण पश्चात धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष श्रीमती आशा गुप्ता द्वारा किया गया।




