मृतक की पहचान ग्राम चमाराय टोला निवासी 61 वर्षीय पूरन साहू के रूप में हुई
हादसे के बाद घटनास्थल पर जमा हुई भारी भीड़, परिवार और गांव में पसरा मातम
राजनांदगांव। शहर के व्यस्ततम इलाकों में शुमार बसंतपुर हॉस्पिटल चौक के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाईवा की चपेट में आने से साइकिल सवार बुजुर्ग की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक जिला अस्पताल से अपना उपचार कराकर सकुशल अपने गांव वापस लौट रहा था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही काल के गाल में समा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चमाराय टोला निवासी पूरन साहू (61 वर्ष) स्वास्थ्य संबंधी समस्या के चलते इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल बसंतपुर आए थे। अस्पताल में चिकित्सकों से परामर्श और उपचार लेने के बाद वे अपनी साइकिल पर सवार होकर वापस अपने गांव चमाराय टोला की ओर रवाना हुए थे। जैसे ही वे बसंतपुर हॉस्पिटल चौक के समीप पहुंचे, तभी कृषि उपज मंडी की दिशा में जा रहे एक तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें सामने से अपनी चपेट में ले लिया और जोरदार टक्कर मार दी।
हाईवा के भारी पहियों के नीचे दबने से थमी सांसें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पूरन साहू अपनी साइकिल समेत सड़क पर जा गिरे। संभलने का मौका मिलने से पहले ही वे सीधे हाईवा के भारी पहियों के नीचे आ गए। पहियों के नीचे बुरी तरह कुचले जाने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
व्यस्त मार्ग पर मची अफरा-तफरी, गांव में शोक की लहर
दिनदहाड़े अस्पताल चौक जैसे व्यस्त मार्ग पर हुए इस वीभत्स हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति भी निर्मित रही। इधर, हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। इलाज कराकर घर लौटने की राह देख रहे परिवार को जब इस अनहोनी की खबर मिली, तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे चमाराय टोला क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।




