Home छत्तीसगढ़ बीज निगम में घून लगे चने की पैकिंग का मामला उजागर, बैक...

बीज निगम में घून लगे चने की पैकिंग का मामला उजागर, बैक डेट में हो रही थी पैकेजिंग …

25
0

राजनांदगांव(दावा)। प्रमाणित बीज के नाम पर किसानों को घटिया बीज उपलब्ध कराने का गंभीर मामला सामने आया है। शहर के कौरिनभाठा स्थित बीज निगम कार्यालय में घून और कीड़ों लगे चने को छानकर बैक डेट में पैक किया जा रहा था। पैकिंग के दौरान बोरियों में आधे टूटे दाने, छेद और कीड़ों के निशान स्पष्ट दिखाई दिए।

शिकायतों के बाद खुली पोल
बीते कुछ दिनों से किसानों द्वारा खराब चने के बीज वितरण की शिकायत की जा रही थी। मौके पर जांच के दौरान पाया गया कि पैकिंग के लिए उपयोग किए जा रहे चने में घुन लग चुका था और बोरियों में बुरादा तक मौजूद था। बताया गया कि मशीन की मदद से कीड़ों लगे दानों को अलग कर इन्हीं चनों को सील पैक कर किसानों तक भेजने की तैयारी थी। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पैकेट्स पर 11 अगस्त 2025 की पैकिंग तिथि दर्ज थी, जबकि वास्तविक पैकिंग 24 नवंबर को की जा रही थी। वहीं वैधता अवधि 10 मई 2026 लिखी गई है। पैकेटों पर अंकुरण अवधि 85 दिन और वजन 30 किलो अंकित पाया गया।

कांग्रेस ने की कार्रवाई की मांग
इस मामले को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कई किसान बीज खराब आने की शिकायत कर रहे थे। मौके पर आए तो देखा कि घून लगे चने को छानकर बैक डेट में पैकेजिंग की जा रही है। यह किसानों के साथ धोखाधड़ी है। इस पर तत्काल कार्यवाही और जांच होनी चाहिए।
जांच के आदेश, कलेक्टर ने लिया संज्ञान
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कलेक्टर जितेंद्र यादव ने कहा टीएल बैठक में मामले की जानकारी ली जाएगी। जिला स्तरीय जांच समिति गठित कर पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी।
किसानों में आक्रोश
बीज निगम के इस रवैये से किसानों में नाराजग़ी है। उनका कहना है कि प्रमाणित बीज के नाम पर यदि खराब, कीड़ों लगे बीज दिए जाएंगे तो उत्पादन पर असर पड़ेगा और नुकसान की भरपाई कौन करेगा? अब प्रशासनिक कार्रवाई और जांच रिपोर्ट का इंतजार है?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here