डोंगरगांव (दावा)। ब्लॉक के प्राथमिक शाला जंतर में अध्ययनरत छात्र गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। बच्चे ने सीने में दर्द होना बताया, जिसके बाद उसे राजनांदगांव के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने हृदय संबंधित गंभीर बीमारी बताया और टीबी के लक्षण होने की संभावना बताई और डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी है।
बच्चा गरीब परिवार से है और उसकी माँ मदद के लिए शिक्षकों सहित अन्य लोगों तक पहुंची। उनकी करुण पुकार सुनकर मदद के लिए सभी ने हाथ बढ़ाया और पैसों के इंतजाम के लिए बच्चे की जानकारी से संबंधित मैसेज और पेमेंट क्यूआर वायरल कर सहायता राशि की अपील की जा रही है।
बता दें कि पीडि़त बच्चा राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव विकासखंड संकुल कोकपुर के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला ग्राम जंतर के कक्षा 5वीं का विद्यार्थी है। उसका नाम रितेश कुमार साहू पिता प्रकाश साहू है। वर्तमान में उनका उपचार गांधी नर्सिंग होम राजनांदगांव में चल रहा था, किंतु अब स्थिति गंभीर होने पर उन्हें तत्काल ऑपरेशन हेतु सत्य साईं हॉस्पिटल रायपुर रेफर किया गया है। परिवार अत्यंत ही साधनहीन है और रोजी मजदूरी कर जीवनयापन करता है। ऐसे में इस बड़े व अत्यावश्यक उपचार का खर्च उठाना उनके लिए असंभव हो गया है। वहीं उनकी मदद के लिए लगातार अपील की जा रही है। इधर मैसेज वायरल होते ही लोगों ने अपने-अपने स्तर पर आर्थिक सहयोग प्रदान करना प्रारंभ कर दिया, लेकिन बच्चे के इलाज और दवाइयों के लिए बड़ी राशि की आवश्यकता है।


