० तहसीलदार ने जब्त किया 28 कट्टा धान
० धान कट्टा चोरी से सोसायटियों को सीधा नुकसान
डोंगरगांव (दावा)। नगर में बुधवार को शासकीय धान की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है. यहाँ मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले के अंतर्गत सेवा सहकारी समिति गोटाटोला से धान भरकर निकले ट्रक के द्वारा अनलोडिंग के दूसरे दिन 28 कट्टा धान को बेचने की नियत से एक निजी शिक्षण संस्थान के चारदीवारी के भीतर छिपाया गया था। जिसे स्थानीय मिडियाकर्मियों ने पकड़ा और प्रशासन को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे थे। घटना सुबह पौने छ: बजे की है। जब संदिग्ध ट्रक के व्दारा उक्त धान को अंधेरे का फायदा उठाकर निजी शिक्षण संस्थान के परिसर में छिपा दिया था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त शासकीय धान के परिवहन में लगे गिल ट्रांसपोर्ट के ट्रक क्रमांक 9413 जो कि एक दिवस पूर्व ही घुघवा लक्ष्मीनगर संग्रहण केन्द्र से खाली होकर सेवताटोला संग्रहण केन्द्र के पास खड़ी थी। जिसके ड्राईवर एवं उसके अन्य सहयोगियों ने इस धान को छिपाया था।
लंबे समय से चल रहा है चोरी का खेल
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शासकीय धान के परिवहन में लगी गाडिय़ाँ संग्रहण केन्द्रों के आसपास खड़ी रहती हैं। इनमें से अनेक गाडिय़ां जानबूझकर विलंब से पहुंचती हैं। जिसके चलते ये गाडियां निर्धारित समय में अनलोड नहीं हो पाती हैं और इसी का फायदा उठाकर संबंधित गाडिय़ों के कर्मचारी धान के बोरों की हेराफेरी करते हैं। एक संक्षिप्त पड़ताल से मिली जानकारी के अनुसार चोरी के इस खेल में ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के मालिकों की भूमिका क्या है, यह तो स्पष्ट नहीं है। परन्तु उनके कर्मचारी विशेष रूप से ड्रायवर, क्लीनर सहित चोरी के माल को खपाने वाले अन्य लोग शामिल हैं। जिनके नाम का खुलासा जांच में होने की संभावना है. बता दें कि सुबह लगभग छ: बजे इस मामले का खुलासा हुआ। वहीं दोपहर एक बजे तक प्रशासनिक अधिकारी मौके पर ही थे। हालाकि बाद में धान को जब्त कर मंडी में सुरक्षार्थ रखने की खबर है।
सोसायटियों को सीधा नुकसान
जानकारी के अनुसार शासकीय धान के चोरी के इस खेल में समिति, सोसायटी के कर्मचारी से लेकर धर्मकांटा एवं संग्रहण केन्द्र के भी अधिकारी कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध है। इसका सीधा नुकसान सोसायटियों को होना है। ज्ञात हो कि पूर्व में भी समितियों में सूखत की मार पड़ी है। ऐसे में एक ही क्षेत्र में इतने बड़े मात्रा में शासकीय धान की हेराफेरी सोसायटियों के लिए बड़े नुकसान का अंदेशा है। बता दें कि बीते पंद्रह नवंबर से धान का उठाव प्रारंभ है ऐसे में एक मात्र क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में धान की हेराफेरी हो रही है और कमोबेश इसी तरह के खेल अन्य क्षेत्र एवं संग्रहण केन्द्रों के आसपास संचालित हो रहे होंगे। एक बड़ी मात्रा में हेरफेर की प्रबल संभावना है। जिसका खामियाजा सोसायटियों को भुगतना पड़ेगा।
वर्सन….
शासकीय धान के अवैध भंडारण की सूचना मिली थी। इसके बाद मौके पर पहुंचे हैं। यह धान कहां से आया इसकी जांच की जा रही है।
– कमलकिशोर साहू, तहसीलदार डोंगरगांव
निजी शिक्षण संस्थान में इस सीजन के शासकीय धान होने की सूचना मिली थी। जिसकी सूचना तहसीलदार एवं एसडीएम को दिया गया था। प्रारंभिक तौर पर यह धान मोहला-मानपुर-अं.चौकी जिले की सोसायटी का है। वर्तमान में हमारे क्षेत्र से परिवहन बंद है।
– रामकुमार गुप्ता, प्राधिकृत अधिकारी सेवा सहकारी समिति डोंगरगांव



