रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस विधायक दल ने डेप्युटी लीडर, चीफ व्हिप और डेप्युटी व्हिप की नियुक्ति की है। ये नियुक्तियां विधानसभा सत्र शुरु होने के ठीक पहले की गई हैं। विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू हो रहा है। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत ने बताया कि, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा छत्तीसगढ़ कांग्रेस विधायी दल में की नई नियुक्तियों का सहर्ष स्वागत है।
किसे मिली जिम्मेदारी
कांग्रेस विधायक दल में लखेश्वर बघेल को डेप्युटी लीडर, दलेश्वर साहू को चीफ व्हिप और दिलीप लहरिया को डेप्युटी व्हिप बनाया गया है। विधानसभा के बजट सत्र में विपक्ष सरकार को घेरने की योजना बना रहा है। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल जी को उपनेता नियुक्त होने पर बधाई। उनके अनुभव से सदन में विपक्ष की आवाज और मजबूत होगी। डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू जी को ‘मुख्य सचेतक‘ बनाए जाना हर्ष का विषय है, विधायी कार्यों में उनका समन्वय सराहनीय रहेगा। वहीं, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया जी को ‘उप सचेतक‘ की नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी है। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने विश्वास जताया है कि यह नई टीम सदन के भीतर जनता के मुद्दों को पूरी प्रखरता से उठाएगी और छत्तीसगढ़ के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से संगठन और विधायी दल को नई ऊर्जा मिलेगी। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू हो रहा है। 24 फरवरी को बजट पेश किया जाएगा। बजट सत्र में विपक्ष ने सरकार को घेरने की तैयारी की है। बजट सत्र को लेकर सोमवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक भी बुलाई गई है।


